केंद्रीय दल ने किया माचागोरा ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना निरीक्षण
छिंदवाड़ा
19-Jun-26
छिन्दवाडा
जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा नामित राष्ट्रीय वॉश विशेषज्ञ सुनील कुमार गर्ग एवं श्योजी रामजी ने 14 जून 2026 से 18 जून 2026 तक माचागोरा ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना का विस्तृत एवं गहन निरीक्षण किया। पांच दिवसीय निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञ दल ने योजना के सभी प्रमुख घटकों का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए इंटेक वेल, जल शोधन संयंत्र, उच्च स्तरीय जलाशयों, पंपिंग व्यवस्थाओं तथा वितरण नेटवर्क का अंतिम छोर तक पहुंचकर अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान योजना से संबंधित तकनीकी एवं प्रशासनिक अभिलेखों, गुणवत्ता नियंत्रण संबंधी दस्तावेजों, प्रगति प्रतिवेदनों एवं अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड्स का भी विस्तृत परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ दल ने योजना से आच्छादित विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों तथा ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया तथा योजना के क्रियान्वयन संबंधी जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के अंतिम दिवस 18 जून को विशेषज्ञ दल ने कलेक्टर हरेंद्र नारायन से सौजन्य भेंट कर निरीक्षण के दौरान प्राप्त निष्कर्षों एवं अवलोकनों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्यों, बेहतर परियोजना प्रबंधन तथा विभिन्न हितधारकों के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की। यह संपूर्ण निरीक्षण जल निगम परियोजना क्रियान्वयन इकाई, छिंदवाड़ा के महाप्रबंधक अविनाश दीवाकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। निरीक्षण के दौरान उपमहाप्रबंधक श्री बसंत कुमार बेलवंशी एवं श्रीमती प्रियांश जैन दुबे, श्री विजय कुमार बारेवार सहित जल निगम, टीपीआईए, सुपरविजन एवं क्वालिटी कंट्रोल, ठेकेदार संस्था तथा आईएसए की टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे और विशेषज्ञ दल को आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक जानकारी उपलब्ध कराई।
राष्ट्रीय वॉश विशेषज्ञों ने योजना के दस्तावेजीकरण, गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था, परियोजना प्रबंधन, सामुदायिक सहभागिता तथा समग्र प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने माचागोरा ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना को ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित एवं सतत पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसके सफल क्रियान्वयन की सराहना की।