Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

“शिक्षकों के प्रयासों से शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को मिल सकती है राष्ट्रीय पहचान”: कलेक्टर

“शिक्षकों के प्रयासों से शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को मिल सकती है राष्ट्रीय पहचान”: कलेक्टर
छिंदवाड़ा
10-Mar-26
जेईई एवं नीट अध्ययन सामग्री का वितरण एवं विषय शिक्षकों के साथ परिचर्चा संपन्न

छिन्दवाडा 

शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में आज कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता एवं जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस. बघेल की उपस्थिति में जेईई एवं नीट परीक्षा की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण बैठक एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के समस्त उत्कृष्ट विद्यालयों एवं सांदीपनी विद्यालयों के प्राचार्य, गणित, भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र एवं जीव विज्ञान विषय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे, जिनके द्वारा जेईई एवं नीट की विशेष कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री नारायन द्वारा जिले के समस्त उत्कृष्ट विद्यालयों एवं सांदीपनी विद्यालयों के प्राचार्यों को कोटा के एलेन कोचिंग संस्थान द्वारा तैयार की गई जेईई एवं नीट की प्रिंटेड अध्ययन सामग्री हिंदी माध्यम एवं अंग्रेजी माध्यम की वितरित की गई। इस अवसर पर विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के साथ विस्तृत परिचर्चा भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराने, नियमित अध्ययन व्यवस्था, यूनिट-वार ऑनलाइन टेस्ट आयोजित करने तथा विद्यार्थियों की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर श्री नारायन ने उपस्थित शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षकों के थोड़े से अतिरिक्त प्रयास से शासकीय विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं और सम्मानजनक पदों पर आसीन होकर अपने परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रेरित करने, नियमित अभ्यास कराने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप अध्ययन वातावरण तैयार करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्री नारायन ने अपने विद्यार्थी जीवन एवं सेवाकाल के

 अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रम करने की प्रेरणा दी तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण टिप्स भी प्रदान किए।

       जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.एस. बघेल ने बताया कि जिले में जेईई एवं नीट की तैयारी के लिए पूरे वर्ष सुनियोजित ढंग से कक्षाएं संचालित कराई गईं तथा विद्यार्थियों के लिए नियमित मासिक परीक्षण आयोजित किए गए। प्राप्त अंकों के आधार पर योग्य विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें जेईई एवं नीट के लिए आवेदन कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई। उन्होंने बताया कि जेईई के प्रथम प्रयास में जिले के 20 विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स क्वालीफाई किया है तथा द्वितीय प्रयास हेतु छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के लगभग 326 विद्यार्थियों द्वारा जेईई के लिए आवेदन किया गया है, जबकि नीट परीक्षा के लिए आज दिनांक तक लगभग 450 विद्यार्थियों द्वारा आवेदन किया जा चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि नीट आवेदन की अंतिम तिथि 11 मार्च 2026 है।

जिला शिक्षा अधिकारी श्री बघेल ने जिले के समस्त हायर सेकंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया कि वे अपने विद्यालयों के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रेरित कर नीट परीक्षा के लिये आवेदन सुनिश्चित करें तथा विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक शैक्षणिक सहयोग प्रदान करें।

कार्यक्रम में सहायक संचालक डी.पी. डेहरिया, पी.एल. मेश्राम, एडीपीसी गिरीश शर्मा, उत्कृष्ट विद्यालय प्राचार्य दिलीप ढोक, जिला व्यावसायिक समन्वयक डॉ. साबिर फारुकी, जेईई एवं नीट की जिला नोडल अधिकारी श्रीमती अमित शर्मा, जेईई-नीट मासिक परीक्षा प्रभारी विवेक कराडे सहित जिले के अनेक प्राचार्य एवं विषय विशेषज्ञ शिक्षक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन राकेश डेहरिया द्वारा किया गया।
Share News On