‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से हर नागरिक को जोड़ेंगे: कमल पटेल
राजनीति
14-Sep-26
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा व्यापक जनभागीदारी अभियान,
जिले में भी होंगे सेवा, सुशासन और जनकल्याण के विविध कार्यक्रम

छिंदवाड़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, सुशासन, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे मध्यप्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस विषय को लेकर पूर्व मंत्री कमल पटेल ने भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव के साथ पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। अभियान को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री कमल पटेल ने कहा कि यह अभियान केवल भाजपा का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला जनभागीदारी का अभियान बनेगा।
पूर्व मंत्री कमल पटेल ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा की शुरुआत से लेकर 26 मई 2014 को देश के प्रधानमंत्री बनने और उसके बाद निरंतर राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण करना केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि भारत के बदलते सामर्थ्य, आत्मविश्वास और विकास की यात्रा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया और गरीब, किसान, महिला, युवा तथा वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने को शासन का केंद्र बनाया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते वर्षों में आर्थिक, सामाजिक, सामरिक और वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। गरीबों को आवास, इज्जत घर (शौचालय), मुफ्त खाद्यान्न, स्वास्थ्य सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, महिलाओं के सशक्तिकरण और कोविड महामारी के दौरान व्यापक टीकाकरण जैसे कार्यों ने करोड़ों परिवारों के जीवन को प्रभावित किया है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और प्रधानमंत्री मोदी को मिले सम्मान वास्तव में देश के 140 करोड़ नागरिकों के सामर्थ्य, परिश्रम और आत्मविश्वास का सम्मान हैं।
17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’, 71 हजार 930 बूथों पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
पूर्व मंत्री कमल पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। प्रदेशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन शाम 7 बजे मध्यप्रदेश के सभी 71 हजार 930 बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। प्रत्येक परिवार द्वारा प्रज्वलित दीपक प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनेगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 2 अक्टूबर को व्यापक स्वच्छता अभियान, स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत: चित्र सेवा’, नुक्कड़ नाटक एवं संगीत प्रस्तुतियों के माध्यम से ‘नमो सेवा: अनकही कहानियां’, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ तथा प्रदेश के 11 हजार 404 शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री की योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की वास्तविक सफलता की कहानियां समाज के सामने लाई जाएंगी।
7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’
पूर्व मंत्री कमल पटेल ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हेड ऑफ द गवर्नमेंट के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा: विकसित भारत का संकल्प’ आयोजित की जाएगी। पदयात्रा, साइकिल रैली और बाइक रैली के माध्यम से कार्यकर्ता एवं आमजन एकत्रित होकर प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सेवा और विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएंगे तथा विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लेंगे। पूर्व मंत्री कमल पटेल ने कहा कि यही सेवा है, यही संकल्प है और यही विकसित भारत की दिशा में हमारा सामूहिक प्रयास है।
पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री कमल पटेल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव के साथ पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश पोफली, अभियान के जिला संयोजक कमलेश उईके जिला महामंत्री विजय पांडे, जिला अभियान टोली के सदस्य भारत घई, अभिलाष गौहर, सेवा सुशासन अभियान के संभाग प्रभारी टीकाराम चंद्रवंशी, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट नितिन मोहन डेहरिया, विक्रम सोनी एवं रोशन सिंगानपुरे उपस्थित रहे।