वॉश ऑन व्हील्स प्लस का राष्ट्रीय स्तर पर तीन श्रेणियों में चयन
छिंदवाड़ा
01-Jul-26
फिक्की-इंडिया सैनिटेशन कोएलिशन अवॉर्ड्स-2026 के लिए चुना गया प्रोजेक्ट
छिन्दवाडा
स्वच्छता एवं WASH (Water, Sanitation and Hygiene) के क्षेत्र में छिन्दवाड़ा जिले के अभिनव नवाचार “वॉश ऑन व्हील्स प्लस” ने एक बार फिर जिले का गौरव बढ़ाया है। फिक्की द्वारा आयोजित इंडिया सैनिटेशन कोएलिशन) सैनिटेशन अवॉर्ड्स-2026 के लिए छिन्दवाड़ा जिले को तीन महत्वपूर्ण श्रेणियों में शॉर्टलिस्ट किया गया है। इनमें कैटेगरी-2: एक्सीलेंस इन सस्टेनेबल मेंटेनेंस एंड कम्युनिटी मैनेजमेंट ऑफ वॉश सिस्टम, कैटेगरी-7: बेस्ट स्किलिंग इनिशिएटिव इन वॉश एवं कैटेगरी-8B: स्पेशल फोकस ऑन वॉश इन स्कूल्स शामिल हैं।
आज कैटेगरी-7 (बेस्ट स्किलिंग इनिशिएटिव इन वॉश) के लिए आयोजित एग्जीक्यूटिव जूरी राउंड में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रिम कुमार द्वारा ऑनलाइन माध्यम से “वॉश ऑन व्हील्स प्लस” पहल का प्रस्तुतीकरण दिया गया। प्रस्तुतीकरण के दौरान जूरी सदस्यों ने जिले की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन, नवाचार एवं सामुदायिक सहभागिता की प्रशंसा की।
उल्लेखनीय है कि छिन्दवाड़ा जिले की “वॉश ऑन व्हील्स” नवाचार को वर्ष 2025 में भी इंडिया सैनिटेशन कोएलिशन-फिक्की राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। सतत रखरखाव एवं सामुदायिक प्रबंधन श्रेणी में प्राप्त यह सम्मान जिले में किए गए स्वच्छता नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों की राष्ट्रीय पहचान बना। इसी सफल पहल को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक स्वरूप देते हुए “वॉश ऑन व्हील्स प्लस” नवाचार जल जीवन मिशन एवं जिला पंचायत के स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण अंतर्गत प्रारंभ किया गया है।
वॉश ऑन व्हील्स प्लस के माध्यम से जल जीवन मिशन अंतर्गत निर्मित पानी की टंकियो की नियमित साफ-सफाई, सिंगल विलेज स्कीम के तहत निर्मित वितरण वाल्व की सफाई, स्कूल एवं आंगनबाड़ी भवनो में स्थापित पानी की टंकियों की स्वच्छता, घरेलू नल कनेक्शन एवं नल-टोटी की मरम्मत जैसी सेवाएं प्रदान की जा रही है। वहीं वॉश ऑन व्हील्स के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालयों की सफाई, नियमित रखरखाव, स्वच्छता व्यवहार में सुधार एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह पहल स्थायी स्वच्छता व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक प्रभावी मॉडल के रूप में कार्य कर रहीहै।
कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में यह पहल निरंतर आगे बढ़ रही है। जिला पंचायत की स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक सुधीर कृषक व टीम एवं संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से छिन्दवाड़ा का यह नवाचार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। आगामी चरण में फिक्की-इंडिया सैनिटेशन कोएलिशन अवॉर्ड्स-2026 की शेष दो श्रेणियों के लिए भी जिले की ओर से एग्जीक्यूटिव जूरी के समक्ष प्रस्तुतीकरण दिए जाएंगे।