Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

कलेक्टर ने जेल कैंटीन के नवीन कक्ष का किया शुभारंभ

कलेक्टर ने जेल कैंटीन के नवीन कक्ष का किया शुभारंभ
छिंदवाड़ा
01-Jul-26
आयुष विभाग ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर 

छिन्दवाडा 

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने बुधवार को जिला जेल छिंदवाड़ा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न बंदी वार्डों, पाकशाला, जेल चिकित्सालय, मुलाकात व्यवस्था एवं पुस्तकालय का अवलोकन किया तथा बंदियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं अनुभवों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान विश्व राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जिला आयुष विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा शिविर का शुभारंभ कलेक्टर श्री नारायन एवं जेल अधीक्षक प्रतीक जैन की उपस्थिति में किया गया। शिविर में जिला जेल में निरुद्ध बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार आयुर्वेदिक औषधियों का निःशुल्क वितरण किया गया। साथ ही बंदियों को योग, प्राणायाम, संतुलित आहार-विहार, दिनचर्या, ऋतुचर्या एवं तनाव प्रबंधन से संबंधित परामर्श प्रदान कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

      शिविर में कुल 150 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार का लाभ प्रदान किया गया। बंदियों ने आयुष विभाग द्वारा आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर को उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की। इस अवसर पर कलेक्टर श्री नारायन ने जेल कैंटीन के नवीन कक्ष का उद्घाटन भी किया। इसके साथ ही उन्होंने जेल उद्योग में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से बंदियों द्वारा निर्मित किए जा रहे वैज्ञानिक गौरैया घर (स्पैरो नेस्ट) का अवलोकन किया। जेल प्रशासन द्वारा प्रथम गौरैया आवास कलेक्टर श्री नारायन को भेंट किया गया।

       शिविर में जेल चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र बघेल सहित आयुष विभाग से डॉ. प्रवीण रघुवंशी, डॉ. हरीश सतनामी, डॉ. नीरज विश्वकर्मा, डॉ. कविता मसराम, डॉ. रश्मि नेमा, डॉ. शुभम बोरकर एवं डॉ. अंकुश साहू तथा आयुष विभाग के स्वास्थ्य कर्मियों ने सेवाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर राहुल कुमार पटेल, जेल अधीक्षक प्रतीक जैन, उप जेल अधीक्षक ज्ञानेंशु भारतीय, जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला यावतकर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। 
Share News On