Home News Helpline Classified Jobs About Contact

विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल ने की गरबा में फिल्मी गानों पर रोक की मांग

विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल ने की गरबा में फिल्मी गानों पर रोक की मांग
छिंदवाड़ा
13-Oct-26
कलेक्टर को दिया ज्ञापन, पाश्चात्य थीमों पर रोक लगाने की अपील

छिंदवाड़ा अपडेट

नवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रमों की धार्मिक मर्यादा बनाए रखने एवं कथित अनियमितताओं पर रोक लगाने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल विभाग ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने कहा कि नवरात्रि हिंदू समाज का पवित्र धार्मिक पर्व है, जो मां दुर्गा की आराधना, शक्ति, भक्ति और आस्था का प्रतीक है। लेकिन वर्तमान समय में कुछ गरबा आयोजनों में फिल्मी गानों, अशोभनीय नृत्य प्रस्तुतियों तथा बॉलीवुड, नियॉन और हैलोवीन जैसी थीमों के प्रचलन को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। संगठन का कहना है कि ऐसे आयोजनों में धार्मिक परंपराओं और गरबा की मूल भावना का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल विभाग छिंदवाड़ा ने प्रशासन से मांग की कि गरबा पंडालों में फिल्मी एवं अशोभनीय गानों पर रोक लगाने, पारंपरिक और धार्मिक स्वरूप को प्राथमिकता देने तथा पाश्चात्य थीमों के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

ज्ञापन में गरबा पंडालों में प्रवेश व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, पहचान सत्यापन की व्यवस्था लागू करने तथा प्रवेश संबंधी नियमों को कानून के अनुरूप निर्धारित करने की मांग भी रखी गई। संगठन ने यह भी मांग की कि नियमों का उल्लंघन करने वाले आयोजकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए और गंभीर उल्लंघन की स्थिति में आयोजन की अनुमति निरस्त करने पर विचार किया जाए। संगठन ने प्रशासन से आग्रह किया कि नवरात्रि जैसे पवित्र पर्व की धार्मिक गरिमा एवं पारंपरिक स्वरूप को बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही गरबा आयोजकों से अपील की कि वे कार्यक्रमों का आयोजन भक्ति, अनुशासन और धार्मिक परंपराओं के अनुरूप करें।

विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल विभाग ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि के पावन पर्व की धार्मिक गरिमा, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक मर्यादाओं की रक्षा करना आवश्यक है, ताकि मां दुर्गा की आराधना का यह उत्सव श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में संपन्न हो सके।
Share News On