ग्रामीणों को दिलाई वन्यजीव संरक्षण की शपथ
छिंदवाड़ा
05-Oct-26
शिकारियों की सूचना देने पर मिलेगा पुरस्कार

छिंदवाड़ा अपडेट
वन्यप्राणियों का मानव जीवन में महत्व और आने वाली पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य को लेकर जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। तामिया विकासखंड के आदिवासी बाहुल्य गांव सिधोली में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को जानकारी देते हुए बताया गया कि 7 अक्टूबर तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके तहत स्थानीय विद्यालयों के माध्यम से छात्रों और आम जन को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है, ताकि कोर और बफर जोन में विचरण करने वाले वन्यप्राणियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
सूचना देने वाले का नाम रहेगा गोपनीय
आयोजन में ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए कहा गया कि वन्यप्राणी हमारी भावी पीढ़ियों की अनमोल धरोहर हैं, जिनका संरक्षण हम सभी का दायित्व है। इसके साथ ही यह भी घोषणा की गई कि यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से वन्यजीवों का शिकार करने वाले शिकारियों की सूचना समिति या प्रशासन को देता है, तो उसे पुरस्कृत किया जाएगा। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इस जन जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने में सामाजिक कार्यकर्ता विष्णु खमरिया का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।