विद्याभूमि पब्लिक स्कूल में नवरात्रि पर गरबा एवं विजयादशमी की धूम
शिक्षा
16-Oct-26
छिंदवाड़ा अपडेट

विद्याभूमि पब्लिक स्कूल में माँ भगवती की पूजा-आराधना का पर्व नवरात्रि तथा अधर्म, अन्याय और अत्याचार पर धर्म की विजय का प्रतीक दशहरा उत्सव अत्यंत उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान भव्य गरबा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के विभिन्न समूहों ने देश के अलग-अलग राज्यों की परंपराओं और पारंपरिक वेशभूषा में बढ़-चढ़कर भाग लिया। गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजयी समूहों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इसी अवसर पर दशहरा उत्सव के अंतर्गत रामलीला का मंचन किया गया। श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी का रूप धारण किए बाल कलाकारों ने अपने जीवंत अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का श्रीराम द्वारा दहन किया गया। रावण वध होते ही पूरा विद्यालय प्रांगण जय श्रीराम और सियावर रामचंद्र की जय के जयकारों से गूँज उठा।
इस शुभ अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. शेषराव यादव, प्रशासिका डॉ. विजया यादव, तकनीकी निदेशक विशेष यादव, प्राचार्य एवं संपूर्ण विद्याभूमि परिवार ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों को दुर्गाष्टमी तथा विजयादशमी (दशहरा) की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।