2 जुलाई को थांवरीखुर्द से शुरू होगा वीबी जीरामजी अधिनियम
कृषि जगत
01-Jul-26
छिन्दवाडा
ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा प्रारंभ किए गए विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-GRAM-G) अधिनियम, 2025 का देशभर में 01 जुलाई 2026 से प्रभावशील हो गया है। इस अधिनियम का जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम 02 जुलाई 2026 को जनपद पंचायत छिंदवाड़ा की ग्राम पंचायत केवलारी के ग्राम थॉवरीखुर्द में आयोजित किया जाएगा।
भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा प्रारंभ किए गए इस अधिनियम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की गारंटी को मजबूत करने के साथ-साथ आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ ग्रामीण अधोसंरचना का निर्माण सुनिश्चित करना है। योजना के अंतर्गत पात्र ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिनों के गारंटीड रोजगार का प्रावधान किया गया है।
VB-GRAM-G योजना को पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान एवं जियोस्पेशियल तकनीक से एकीकृत किया गया है। इसके माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाले विकास कार्यों की योजना डिजिटल एवं सैटेलाइट मैपिंग के आधार पर तैयार की जाएगी। इससे कार्यों की प्राथमिकता तय करने, संसाधनों के बेहतर उपयोग और ग्रामीण विकास कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
योजना के तहत जल संरक्षण, सड़क निर्माण, कृषि अधोसंरचना एवं अन्य ग्रामीण विकास कार्यों की पहचान डिजिटल डेटा के आधार पर की जाएगी। सभी निर्माण कार्यों, मस्टर रोल, बिल एवं वाउचर आदि को जियो टैग किया जाएगा, जिससे कार्यों की प्रभावी निगरानी और सोशल ऑडिट को बढ़ावा मिलेगा।
पीएम गति शक्ति के साथ समन्वय से ग्रामीण विकास विभाग की योजनाएं जल शक्ति, सड़क परिवहन, कृषि सहित अन्य विभागों की योजनाओं के साथ बेहतर तरीके से जुड़ सकेंगी। इससे संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी।
VB-GRAM-G के माध्यम से ब्लॉक, जिला एवं राज्य स्तर की योजनाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जोड़ा जाएगा। इससे विकसित ग्राम पंचायत योजना को बढ़ावा मिलेगा और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।