Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

तामिया में होगा सावन महोत्सव, लगेंगे झूले

तामिया में होगा सावन महोत्सव, लगेंगे झूले
छिंदवाड़ा
01-Jul-26
पहली बार होगा आयोजन, पर्यटन विकास को लगेंगे पंख

छिन्दवाडा

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं जिला प्रशासन द्वारा अगस्त माह में तामिया में पहली बार तीन दिवसीय सावन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का उद्देश्य छिंदवाड़ा जिले में संचालित ग्रामीण होम स्टे का प्रचार-प्रसार, पर्यटन विकास को बढ़ावा देना, तामिया-पातालकोट को देश-प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर सशक्त पहचान दिलाना तथा स्थानीय पारंपरिक खेलों और संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।

जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के माध्यम से आयोजित होने वाले इस महोत्सव में पर्यटकों के लिए सावन के झूले, हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों की प्रदर्शनी, बैलगाड़ी राइड सहित अनेक आकर्षक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में महोत्सव की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के नोडल अधिकारी बलराम राजपूत ने बताया कि महोत्सव में स्थानीय लोकनृत्य, कला एवं संगीत को विशेष स्थान दिया जाएगा। पर्यटकों के लिए खान-पान के विभिन्न स्टॉल भी लगाए जाएंगे। सावन के पारंपरिक महत्व को ध्यान में रखते हुए झूलों की विशेष व्यवस्था की जाएगी, जिससे पर्यटक इस उत्सव का आनंद ले सकेंगे।

महोत्सव के दौरान पर्यटकों को वल्चर प्वाइंट, चीड़ प्वाइंट, छोटा महादेव, ग्वालगढ़ पहाड़ी एवं तुलतुला पहाड़ की ट्रैकिंग प्रशिक्षित गाइडों के माध्यम से कराई जाएगी। साथ ही तामिया विकासखंड के पर्यटन ग्रामों में संचालित होम स्टे तक पर्यटकों की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण पर्यटन का विस्तार करते हुए अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करना तथा उन्हें ग्रामीण संस्कृति, परंपराओं, लोकनृत्य, लोकसंगीत और स्थानीय व्यंजनों से परिचित कराना है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होने की भी अपेक्षा की जा रही है।
Share News On