Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

1 से 31 जुलाई तक मनाया जाएगा फसल बीमा माह

1 से 31 जुलाई तक मनाया जाएगा फसल बीमा माह
कृषि जगत
01-Jul-26
छिन्दवाडा

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ 2026 में कृषकों को फसल बीमा का लाभ प्राप्त करने के लिये प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 01 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक फसल बीमा माह का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को कार्यालय उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास छिंदवाड़ा के सभाकक्ष में उप संचालक कृषि मोरिस नाथ ने विभागीय अधिकारियों तथा एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के जिला एवं विकासखंड स्तरीय प्रतिनिधियों की बैठक लेकर फसल बीमा माह को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। 

बैठक में एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के जिला प्रतिनिधि संजय पठाडे ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को लाभान्वित करने संबंधी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। साथ ही बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों एवं कृषि विभाग के मैदानी अमले द्वारा अधिसूचित हल्कों में अधिसूचित फसलों के विभिन्न अवस्थाओं में रेंडम पॉइंट एवं परमानेंट पॉइंट के चयन के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

 उप संचालक कृषि श्री नाथ ने विभागीय अधिकारियों एवं बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि ऋणी कृषकों के साथ-साथ अधिक से अधिक अऋणी एवं पट्टाधारी कृषकों को भी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने किसानों से अपील की कि फसल बीमा माह के दौरान 01 जुलाई से 31 जुलाई तक संबंधित बैंक में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं, ताकि योजना का लाभ प्राप्त किया जा सके। फसल बीमा योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान बीमा कंपनी के विकासखंड स्तरीय प्रतिनिधियों, कृषि विभाग के मैदानी अमले एवं संबंधित समिति प्रबंधकों से संपर्क कर सकते हैं।
Share News On