बेरोजगार युवक लगा सकते हैं स्वयं का बिस्कुट, केचप, आलू चिप्स आदि उद्योग
नौकरियां
07-Oct-26
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना में लाभ लेने की अपील

छिन्दवाडा अपडेट
उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा आत्मनिर्भर भारत के अंतर्गत प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन (पीएमएफएमई) योजना संचालित की जा रही है। उप संचालक उद्यानिकी श्री एम.एल. उइके ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने वाले किसान एवं उद्यमी आवेदन कर सकते हैं।
योजना के तहत आलू चिप्स, टमाटर केचप, अदरक की सोंठ, लहसुन पाउडर, अचार, पापड़, बरी, मिठाई, नमकीन/मिक्चर, डेयरी प्रोडक्ट, पशु आहार, मसाला चक्की, गुड़ घाना, जूस फैक्ट्री, आइसक्रीम निर्माण, नूडल्स निर्माण, कुरकुरे निर्माण, पोहा निर्माण, तेल मिल, दाल मिल, उपमा निर्माण, गरम मसाला उत्पादन, केक निर्माण, मुर्गी आहार उद्योग, मछली आहार उद्योग, बिस्कुट निर्माण, केचप निर्माण, चिक्की निर्माण, जैम/जेली निर्माण तथा लहसुन/प्याज/अदरक पेस्ट निर्माण जैसी प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित की जा सकती हैं।
ऐसी इकाई स्थापित करने पर इकाई लागत का 35 प्रतिशत या अधिकतम 10 लाख रुपये तक अनुदान दिए जाने का प्रावधान है। योजना में अभी 44 इकाइयों के लक्ष्य शेष हैं। इच्छुक उद्यमी एवं किसान जिले के उद्यानिकी विभाग के अमला, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी, उद्यान विकास अधिकारी एवं वरिष्ठ उद्यान अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिला रिसोर्स पर्सन (डीआरपी) विवेक पाल के मोबाइल नंबर 7869163254 एवं शिशिर विश्वकर्मा के मोबाइल नंबर 9685020404 पर संपर्क कर अधिक से अधिक आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।