Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

जुन्नारदेव विधायक पर कार्रवाई से भड़का आदिवासी समाज

जुन्नारदेव विधायक पर कार्रवाई से भड़का आदिवासी समाज
छिंदवाड़ा
13-Sep-25
जिले के प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर करेंगे धरना-प्रदर्शन

छिन्दवाड़ा

किसी भी आदिवासी पर अत्याचार, अब नहीं सहेगा आदिवासी समाज। भाजपा की द्वेषपूर्ण कार्रवाई का जिला कांग्रेस आदिवासी विभाग एवं मप्र आदिवासी विकास परिषद देगा मुंह तोड़ जवाब। भाजपा सरकार के अन्याय व अत्याचार के खिलाफ प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर सतत रूप से धरना, प्रदर्शन व आंदोलन किए जाएंगे, जिसकी रूपरेखा आयोजित बैठक में बनाई गई।

जिला कांग्रेस आदिवासी विभाग एवं मप्र आदिवासी विकास परिषद की संयुक्त बैठक राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में सम्पन्न हुई। आयोजित बैठक में उपस्थित वरिष्ठ आदिवासी जनप्रतिनिधियों ने कहा कि छिन्दवाड़ा के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है कि आदिवासियों की आवाज दबाने के लिए पुलिस और प्रशासन को हथियार के रूप में भाजपा सरकार इस्तेमाल कर रही है। माननीय कमलनाथ जी एवं माननीय नकुलनाथ जी के कार्यकाल में कभी ऐसा नहीं हुआ। नेताद्वय ने आदिवासियों के सम्मान में विश्व आदिवासी दिवस पर शासकीय अवकाश घोषित किया जिसे भाजपा सरकार ने निरस्त कर दिया। भाजपा की सरकार में सबसे अधिक आदिवासियों की जमीनों का मद परिवर्तन किया जा रहा है। भाजपा के नेता और सरकार आदिवासियों को निशाना बना रही। अपने हक और अधिकार की आवाज उठाने पर द्वेषपूर्ण कार्रवाई की जा रही है जो बेहद निंदनीय है।

आदिवासी विधायक के खिलाफ राजनीतिक दुर्भावना की कार्रवाई

आयोजित बैठक में जुन्नारदेव विधायक श्री सुनील उइके की बिल्डिंग के पीछे की नाला प्रोटेक्शन दीवार को तोड़ा जाना राजनीतिक दुर्भावना को दर्शा रही है। उन पर की गई कार्रवाई किसान आंदोलन में भाजपा सांसद और कलेक्टर के आपसी व व्यापारिक सम्बंधों को उजागर करने के चलते की गई है। आदिवासी कन्या शिक्षा परिसर, एकलव्य विद्यालय में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। छात्रावासों में भी बहुत अनियमितताएं है जिसको लेकर संयुक्त बैठक हुई साथ ही यह तय किया गया कि प्रत्येक ब्लॉक में भाजपा सरकार की तानाशाहीपूर्ण व अवैधानिक कार्रवाई के साथ ही बढ़ते भ्रष्टाचार के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

बिछुआ ब्लॉक से होगी धरना प्रदर्शन की शुरुआत

भाजपा सरकार की नाकामी व बदले की भावना से की जा रही कार्रवाइयों के खिलाफ धरना प्रदर्शन की शुरुआत बिछुआ ब्लॉक मुख्यालय से होगी। दिनांक 17 सितम्बर 2025 को दोपहर 2 बजे विरोध प्रदर्शन कर सरकार का पुतला दहन किया जाएगा।

आयोजित बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, रामनारायण परतेती, बालाराम परतेती, अशोक उइके, शिवकुमार सिरसाम, दशरथ उइके, धनपत उइके, पहलाद उइके, रतिराम उइके, आशीष कुमरे, महेन्द्र परतेती, वीर उइके, अतुलराजा उइके, कुलदीप धुर्वे, इन्द्रभान मर्सकोले, दिलीप उइके, स्नेह सरयाम, अविनाश पट्‌टा, नरेश इवनाती, रवि सरयाम, अमरदीप परतेती, मुकेश इवनाती, अमित उइके व महेश उइके सहित अन्य उपस्थित रहे।
Share News On