मेगा स्वास्थ्य शिविर 17 से, कलेक्टर ने ली बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश
छिंदवाड़ा
13-Sep-25
पोला ग्राउंड में होगा आयोजन, 10 स्क्रीनिंग का लक्ष्य
छिंदवाड़ा
सेवा पखवाड़ा अभियान की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में संबंधित सभी जिला अधिकारियों, सभी एसडीएम और खंडस्तरीय अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए सेवा पखवाड़ा अभियान का जिले में सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सेवा पखवाड़ा के दौरान 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान चलाया जायेगा। अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारम्भ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मध्यप्रदेश के धार जिले से 17 सितंबर 2025 को किया जायेगा। अभियान के अंतर्गत सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर स्वास्थ्य एवं पोषण शिविर तथा विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों का आयोजन व स्वैच्छिक रक्तदान जैसी गतिविधियां शामिल होगी। अभियान में आयोजित गतिविधियां विशेष रूप से महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण पर केन्द्रित होंगी। इसी के तहत 17 सितंबर को प्रदेश के 8 जिलों में जिला स्तर पर मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिनमें छिंदवाड़ा जिला भी शामिल है।
प्रभारी मंत्री राकेश सिंह रहेंगे उपस्थित
छिंदवाड़ा जिले में विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन प्रदेश के लोक निर्माण विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह की विशेष उपस्थिति में जिला मुख्यालय पर पोला ग्राउंड में आयोजित किया गया है। जिसमें रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। पूर्व में चिन्हित दिव्यांगों को सहायक उपकरण वितरित किए जायेंगे। दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने के लिए मेडिकल बोर्ड का पैनल भी मौजूद रहेगा। यह मेगा शिविर मुख्यतः महिलाओं पर केंद्रित है, जिसका लाभ सभी जिलेवासी उठा सकते हैं। मेगा शिविर में 10 हजार जिलेवासियों की स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य रखा गया है। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी जिलेवासियों से 17 सितंबर को पोला ग्राउंड पहुंचकर इस मेगा हेल्थ शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
महिलाओं में स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी चुनौतियों की पहचान कर उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गैर संचारी रोग तथा संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के साथ ही समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर वृहद रूप में इस शिविर का आयोजन किया जायेगा।
प्रत्येक दिन स्वास्थ्य केंद्रों की सफाई का नवाचार
सेवा पखवाड़ा के दौरान नवाचार करते हुए कलेक्टर श्री सिंह द्वारा सभी एसडीएम को ग्राम स्तर और ब्लॉक स्तर के सभी विभागों की दिन वार ड्यूटी लगाते हुए उनके माध्यम से प्रत्येक दिन स्वास्थ्य केंद्रों की सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। इसी तरह जिला अस्पताल की सफाई बारी-बारी से विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों और उनकी टीम द्वारा की जाएगी। इसमें आवश्यकतानुसार नगरीय निकायों और संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों की सफाई टीम की मदद भी ली जाएगी।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एडीएम धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम सुधीर जैन, डिप्टी कलेक्टर पुष्पेन्द्र निगम, नगरपालिक निगम आयुक्त सी.पी.राय तथा वीसी के माध्यम से एसडीएम अमरवाड़ा, चौरई, जुन्नारदेव, खण्ड स्तरीय बीएमओ एवं सीडीपीओ उपस्थित थे।