Home News Helpline Classified Jobs About Contact

नगर के कई क्षेत्रों में 2 दिनों से नहीं आ रहा पानी

नगर के कई क्षेत्रों में 2 दिनों से नहीं आ रहा पानी
छिंदवाड़ा
01-Apr-26
बिना सूचना के नल नहीं आने से लोग परेशान

छिंदवाड़ा

जलाशय में पर्याप्त जल होने के बावजूद शहर के लोगों को प्यासा रहना पड़ रहा है जबकि अभी गर्मी शुरू हुई है। यदि यही हाल रहा तो भीषण गर्मी के मौसम में नागरिकों का क्या हाल होगा यह समझा जा सकता है। परासिया रोड संजू ढाबा के आसपास का क्षेत्र, चित्रकूट कॉम्पलेक्स, खापाभाट और शहर के अन्य क्षेत्रों में लोग जल संकट से जूझ रहे हैं क्योंकि इन क्षेत्रों में नगर निगम द्वारा जल आपूर्ति प्रतिदिन नहीं की जा रही है। नागरिकों को बिना सूचना जारी किए इस तरह की जल कटौती से लोग परेशान हो रहे हैं। कई घरों में तो पीने का पानी तक नहीं है तो फिर प्रतिदिन अन्य कार्यों के लिए उपयोग में आने वाले जल की कमी का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। 

चित्रकूट कॉम्पलेक्स के क्षेत्रवासियों ने बताया कि यहां तीन दिनों से जल सप्लाई नहीं हो रही है जिससे काफी परेशानी हो रही है। इसी तरह परासिया रोड पर संजू ढाबा क्षेत्र के लोग भी जल सप्लाई नहीं होने से परेशान है। नरसिंहपुर रोड के खापाभाट में लोग जल संकट से जूझ रहे है। लोगों का कहना है कि जल कर की वसूली सख्ती से की जा रही है तो नगर निगम को जल आपूर्ति भी देनी चाहिए। विगत दिनों पार्षद राहुल मालवी भी गंदे पानी की सप्लाई को लेकर नगर निगम प्रशासन सहित जिला प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं। क्षेत्रवासियों ने कहा कि यदि आगे ऐसा होगा तो नगर निगम ऑफिस के सामने धरना देना पड़ेगा।
Share News On