भागवत कथा में सुनाए कृष्ण बाल-लीला और गोवर्धन पूजा के प्रसंग
धर्म
30-Sep-26
छिंदवाड़ा अपडेट

स्थानीय छोटी बाजार श्री राम मंदिर में श्राद्ध पर्व के अवसर पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा व्यास महामंडलेश्वर परम पूज्य नागेंद्र ब्रह्मचारी महाराज ने भगवान श्री कृष्ण की बाल-लीलाओं और गोवर्धन धारण की कथा का अत्यंत संगीतमय एवं भावपूर्ण वर्णन किया।
कथा के दौरान महाराज श्री ने बालगोपाल द्वारा माता यशोदा को मुख में ब्रह्मांड के दर्शन कराने, पूतना वध और ब्रज में भगवान के दर्शन हेतु स्त्री रूप धारण कर पहुंचे भगवान शिव के पावन प्रसंग सुनाए।
मटकी फोड़ और माखन चोरी की लीला ने मोहा मन
कथा व्यास ने बताया कि किस प्रकार बाल कृष्ण गोपियों के घर जाकर माखन की चोरी करते थे और पकड़े जाने पर बड़ी निर्दाेषता से कहते मैया मोरी, मैंने नहीं माखन खायो। श्रद्धालुओं के समक्ष ग्वाल-बालों संग कान्हा द्वारा मटकी फोड़ने की लीला का जीवंत वर्णन प्रस्तुत किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
सात दिन उंगली पर धारण किया गोवर्धन पर्वत
इंद्र देव के अहंकार को भंग करने और ब्रजवासियों की रक्षा के लिए बाल कृष्ण द्वारा अपनी एक उंगली पर विशाल गोवर्धन पर्वत उठाने की कथा भी विस्तार से सुनाई गई। महाराज श्री ने गिरिराज जी की महिमा बताते हुए श्रद्धालुओं को गोवर्धन परिक्रमा के आध्यात्मिक महत्त्व से अवगत कराया।
छप्पन भोग का लगा प्रसाद
आयोजन के दौरान भगवान को 56 भोग अर्पित किए गए। कथा के उपरांत मुख्य आरती की गई और बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण हुआ। कथा व्यास ने जानकारी दी कि अगले दिन कथा में दिव्य महारास एवं श्री रुक्मिणी-कृष्ण विवाह का उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।