साध्वियों ने शिव जी के दिव्य नाम और उनके प्रभाव की महिमा बताई
छिंदवाड़ा
26-Mar-26
शिव आराधन द्वितीय दिवस पर हर हर महादेव से गूंजा पंडाल
छिंदवाड़ा
मते कॉलोनी दादा जी धूनी वाले प्रांगण में दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा आयोजित भव्य “भगवान शिव आराधन” के द्वितीय दिवस पर “शिव जी के दिव्य नाम” का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान शिव के दिव्य नामों का स्मरण करते हुए आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया। आज भी कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुई। सभी अतिथियों ने शिव आराधन के इस आध्यात्मिक आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान, दिल्ली से पधारी पूज्य साध्वीगण साध्वी रागिनी भारती जी, साध्वी दिव्ययोगा भारती जी, साध्वी अंजनी भारती जी, साध्वी आरती भारती जी ने “शिव जी के दिव्य नाम” का अत्यंत भावपूर्ण एवं आध्यात्मिक वर्णन करते हुए बताया कि भगवान शिव के प्रत्येक नाम में विशेष शक्ति एवं संदेश निहित है, जो मानव जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। उनके ओजस्वी प्रवचनों से पूरा पंडाल “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। इस दौरान मंचासीन संत-महात्माओं स्वामी शारदानंद जी, स्वामी यशवीर जी एवं स्वामी सतेन्द्रानंद जी ने भी शिव भक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिव के नाम का स्मरण ही जीवन को शांति, शक्ति और मुक्ति प्रदान करता है।
जय हो फाउंडेशन के अध्यक्ष तरुण तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए जय हो फाउंडेशन द्वारा 5 दिवसीय निःशुल्क योग शिविर भी आयोजित किया जा रहा है, जिसमें एडवोकेट अर्पणा मिश्रा द्वारा योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह शिविर लोगों को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
ज्ञात हो कि यह भव्य शिव आराधन कार्यक्रम 25 मार्च से 29 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन भगवान शिव की विभिन्न लीलाओं, भक्ति प्रसंगों, भजन-कीर्तन एवं आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई जा रही है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जय हो फाउंडेशन, छिंदवाड़ा सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों का सहयोग प्राप्त हो रहा है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में उपस्थित होकर शिव कृपा प्राप्त करने का आग्रह किया है।