Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

दिवंगत के परिजन को संबल योजना से भी दिये जायेंगे 4-4 लाख रुपये : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

दिवंगत के परिजन को संबल योजना से भी दिये जायेंगे 4-4 लाख रुपये : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
छिंदवाड़ा
27-Mar-26
सभी घायलों को दी जाएगी एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता

ग्राम करेर, ग्वारा और झिरिया में पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मिले

जिला चिकित्सालय में उपचाररत घायलों से मिलकर ली जानकारी

मुख्यमंत्री, रामनवमी के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर पहुंचे छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए नागरिकों के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना प्रदान की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुर्घटना पीड़ादायक है। मध्यप्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के संकट की घड़ी में उनके साथ है। 

मृतकों के परिजनों को 8 लाख रूपए की सहायता

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सड़क दुर्घटना में दिवंगत नागरिकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की गई थी। इन परिवारों को संबल योजना की 4 लाख रुपये की राशि भी प्रदान की जायेगी। साथ ही दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को भी आवश्यक सहायता और निःशुल्क उपचार सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुर्घटना में सभी घायलों को एक-एक लाख रुपये की सहायता दी जायेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव 3 ग्रामों में पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मिले

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छिंदवाड़ा जिले के ग्राम करेर तहसील मोहखेड़ की श्रीमती सिया पति कृष्णा इनवाती, रामदास पिता सुकलू पराने, दौलत पवार, श्रीमती भागवती पति दान सिंह और श्रीमती शकुन पत्नी लखीचन्द्र यादव के निवास जाकर मुलाकात की। ग्राम करेर में प्रभावित परिवारों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री ग्राम ग्वारा और ग्राम झिरिया पहुंचे। उन्होंने यहां प्रभावित परिवारों के सदस्यों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और संबल प्रदान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रभावित परिवार के सदस्यों से चर्चा कर कहा कि दुख की इस घड़ी में मध्यप्रदेश सरकार आपके साथ है। आपको हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

जिला अस्पताल में उपचाररत घायलों के जाने हाल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा में गुरूवार को हुई सड़क दुर्घटना के घायल व्यक्तियों से भेंट की और उनके स्वास्थ्य का हाल-चाल जाना। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चिकित्सकों को सभी घायलों की समुचित चिकित्सा के निर्देश दिए। उन्होंने अब तक किए गए उपचार की जानकारी ली और निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर घायलों को नागपुर अथवा अन्य उच्च चिकित्सा संस्थानों में भेजने की व्यवस्था की जाए। राज्य सरकार घायलों के निरूशुल्क उपचार के लिए कटिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अन्य जगह रेफर किए जाने की स्थिति में भी राज्य सरकार पूर्ण सहयोग करेगी।

घायलों का सहयोग करने वाले जवानों को किया जायेगा पुरस्कृत

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छिंदवाड़ा जिला प्रशासन, नागरिकों और पुलिस बल के उन जवानों की सराहना की, जिन्होंने दुर्घटना के बाद सभी स्थितियों को कुशलतापूर्वक सम्हाला। उन्होंने उन पुलिस जवानों को पुरस्कृत करने की घोषणा की, जिन्होंने घायलों की पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से सहायता की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रामनवमी के पहले से निर्धारित सतना जिले के चित्रकूट के विभिन्न कार्यक्रमों को निरस्त कर छिंदवाड़ा में प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे।

प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने पुनः जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हालचाल

प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह ने सड़क दुर्घटना में घायल हुए लोगों की स्थिति का जायजा लेने हेतु आज प्रातः पुनः जिला अस्पताल छिंदवाड़ा पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार संबंधी विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने अस्पताल में भर्ती घायलों से चर्चा कर उनका हौसला बढ़ाया और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह दुर्घटना की सूचना मिलते ही गत रात्रि देर से ही जिला अस्पताल पहुंच गए थे और तभी से पूरे घटनाक्रम एवं घायलों के उपचार की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने पीड़ितों एवं उनके परिजनों से मिलकर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ भी मदद के लिए आगे आया

गुरूवार रात सड़क दुर्घटना में घायलों को जिला अस्पताल लाया गया था जिनमें से कुछ की मृत्यु घटनास्थल पर ही हो चुकी थी। रात भर घायलों और मृतकों के परिजन दुख में विलपते रहे सभी को अपने मृत हुए परिजनों के शव को लेकर चिंताएं थी कि कब पीएम होगा और कब उन्हें शव प्राप्त होगा चूंकि मृतकों की संख्या अधिक थी ऐसे में सभी मृतकों का पीएम करने में अधिक समय लगता। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. कृष्णचंद हरजानी ने परिजनों की इस चिंता को समझते हुए प्रभारी डॉक्टरों की टीम से बात कर सुबह जल्दी से जल्दी सभी के पीएम की व्यवस्था बनवाई। 

मुख्यमंत्री के दौरे के समय ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष छिंदवाड़ा शेषराव यादव, पांढुर्णा जिलाध्यक्ष संदीप मोहड़, पूर्व मंत्री नाना भाऊ मोहोड़, पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना, चौधरी चन्द्रभान सिंह, पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे, प्रदेश प्रवक्ता अजय धावले, जिला महामंत्री कमलेश उईके, विजय पांडे, संभागीय कार्यालय मंत्री भारत घई, महापौर विक्रम अहाके, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना, राजू नंदवंशी, पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विजय झांझरी, पांढुर्णा जिला महामंत्री देवेन्द्र गायकवाड़, जिला सह कोषाध्यक्ष विजेन्द्र चौहान, सह कार्यालय मंत्री दिन्शु यादव, पूर्व अध्यक्ष नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा धर्मेन्द्र मिगलानी, मंडल अध्यक्ष सौरभ ठाकुर, अंकुर शुक्ला, नवीन बारस्कर सहित भाजपा पदाधिकारी पूरे प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित रहे।
Share News On