सांसद ने दी 5 मरीजों को 2 लाख 55 हजार की आर्थिक सहायता
राजनीति
13-Oct-26
छिन्दवाड़ा अपडेट

विगत दिनों मरीजों के परिजनों ने सांसद बंटी विवेक साहू से मुलाकात करते हुए अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देकर गंभीर रूप से बीमार मरीजों का ईलाज कराने में असमर्थता जताई और आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की थी। उक्त आवेदनों पर गंभीरता पूर्वक विचार कर सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र प्रेषित कर आर्थिक सहायता दिलाने का निवेदन किया था। सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से ईलाज कराने में असमर्थ पांच लोगों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की स्वेच्छानुदान निधि से दो लाख 55 हजार की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है।
सांसद बंटी विवेक साहू के निवेदन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अमरवाड़ा के ग्राम गुरैया निवासी हीरालाल पिता रामस्वरूप चंद्रवशी को 50 हजार, तामिया निवासी अंशिका पिता दीपेश कुमार नागवंशी को 45 हजार, परासिया निवासी कृष्णा पिताश्री सुरेश धुर्वे को 50 हजार की राशि स्वीकृत की है, इन तीनों मरीजों का इलाज छिंदवाड़ा के अस्पतालों में होगा। वही चांद निवासी सुनीता पति बुद्धमान रघुवंशी 60 हजार एवं छिंदवाड़ा निवासी राकेश पिता रमेश चौरे को 50 हजार की राशि स्वीकृत की है, इन दोनों मरीजों का इलाज नागपुर के अस्पतालों में होगा। आर्थिक सहायता मिलने पर मरीजों और उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव और सांसद बंटी विवेक साहू का आभार व्यक्त किया है।