सांसद ने नन्हें बच्चों से सुनी पोयम, जामलपानी में बच्चों से किया संवाद
राजनीति
26-Sep-26
परतला बर्राढाना में आयोजित आंगन मिलन सेवा के कार्यक्रमों में हुए शामिल
सांसद ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनवाड़ी में किया पौधारोपण

छिंदवाड़ा
गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा पर अब सिर्फ महानगरों का एकाधिकार नहीं रहा। दूर दराज और आदिवासी अंचलों में भी एक से बढ़कर एक प्रतिभाएं शिक्षा के क्षेत्र में सफलता के नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। यह संभव हुआ है यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार के अथक प्रयासों से। यह बात सांसद बंटी विवेक साहू ने पांढुर्णा जिले के नरसला, जामलापानी और छिन्दवाड़ा शहर में स्थित परतला बर्राढाना में आयोजित आंगन मिलन सेवा के कार्यक्रमों और जामलापानी में स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में बच्चों से संवाद और पाठ्यक्रम पर चर्चा के दौरान कहीं। छिन्दवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम को भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्रीमती ललिता वर्मा ने भी संबोधित किया। सांसद श्री साहू ने छिन्दवाड़ा में आंगनवाड़ी भवन के पास सेवा संकल्प अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।
उल्लेखनीय है कि पांढुरना जिले के दूरस्थ अंचल स्थित ग्राम नरसला, जामलापानी एवं छिन्दवाड़ा शहर में स्थित परतला बर्राढाना में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों के तहत सांसद बंटी विवेक साहू आंगनवाड़ी केंद्रों में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्रों में नन्हें बच्चों को अपने हाथों से टॉफियां और मिष्ठान वितरित कर बच्चों से स्नेहिल संवाद भी किया। इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने आंगनवाड़ियों में नन्हीं बच्चियों को पूजते हुए उनका आशीर्वाद भी लिया। जामलापानी परिसर में ही स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय के बच्चों से संवाद के दौरान बंटी विवेक साहू ने उनके पाठ्यक्रम पर चर्चा की। बातचीत में झलकता बच्चों का आत्मविश्वास और अध्ययन के प्रति बच्चों की लगन देखकर सांसद श्री साहू बेहद प्रसन्न हुए। बच्चों से संवाद के दौरान खासतौर से हिंदी और इंग्लिश की सुंदर हैंड राइटिंग देखकर सांसद बंटी विवेक साहू की प्रसन्नता का ठिकाना नहीं रहा।
जामलापानी में सांसद बंटी विवेक साहू के साथ स्कूल आए जनप्रतिनिधि और आला प्रशासनिक अफसर भी बच्चों के हाथों से उकेरे मोती जैसे अक्षरों की लिखावट को देखकर हर्ष मिश्रित आश्चर्य में पड़ गए। प्रसन्नचित भाव से बच्चों को आशीर्वाद देते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि दूरस्थ अंचलो में निवासरत बच्चों की शिक्षा के प्रति बढ़ती लगन और उत्साह यह दर्शाती है कि ये नया भारत है, ये आदरणीय प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी के सपनों का भारत है। ये विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में शुमार होने वाला भारत है। ये विश्वगुरु बनने की राह पर अग्रसर होने वाला भारत है।
इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि हर बच्चा अच्छी और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा हासिल कर सके इसके लिए भाजपा सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। भाजपा सरकार का पूरा प्रयास है कि देश का एक भी बच्चा निरक्षर ना रहने पाए। इसके लिए विधार्थियों को समस्त सुख सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इस दौरान छिन्दवाड़ा भाजपा महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्रीमती ललिता वर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कांता ठाकुर, मंडल अध्यक्ष कृष्णा सरेयाम, श्रीमती लीला बजोलिया, भाजपा के वरिष्ठ नेता उज्जवल सिंह चौहान, मदन साहू, रिजवान कुरेशी, विशवेन्द्र बैस, पप्पू ठाकुर, टीकाराम कोराची, जनक गुवाड़े, शेषराव गोयते, खेमराज तितरे, रिकब बपना, सीताराम कोरडे, छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के जिला महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी उषा पन्द्रे, एडीएम ज्योति ठाकुर सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नन्हें बच्चें, विद्यार्थी, पालक एवं शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित थे।