वडनगर से वाराणसी सेवा संकल्प यात्रा पहुंची छिंदवाड़ा
राजनीति
26-Sep-26
मेडिकल कॉलेज छिंदवाड़ा में सिकल सेल मरीजों से संवाद एवं पोषण आहार वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए सेवा यात्री

छिन्दवाडा
जिले में दूसरे दिन सेवा संकल्प यात्रा पोआमा में दिव्यांगजनों का सम्मान करने के बाद परासिया नाका, खजरी चौक होती हुई मेडिकल कॉलेज छिंदवाड़ा पहुंची, जहां सेवा यात्री सिकल सेल मरीजों से संवाद एवं पोषण आहार वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को मेडिकल कॉलेज छिंदवाड़ा में सिकल सेल मरीजों के लिए शिविर का आयोजन किया गया था, जहां मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य विभाग, होम्योपैथी वेलफेयर एसोसिएशन और आयुष विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मरीजों की स्क्रीनिंग और जांच की गई, तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। जिसके बाद सेवा संकल्प यात्रा के सेवा यात्रियों ने इन मरीजों से संवाद किया और नवीन पहल करते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से सिकल सेल के मरीजों को पोषण किट का वितरण किया गया।
इस अवसर पर छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि हम सभी भाग्यशाली हैं जो हमें ऐसे प्रधानमंत्री मिले जिन्होंने प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते ही कहा कि वे देश के प्रधान सेवक हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने समाज के हर वर्ग के कल्याण को ध्यान में रखते हुए योजनाएं चलाईं, सभी के स्वास्थ्य की चिंता की, आदिवासी भाइयों बहनों को सिकल सेल से मुक्त रखने का संकल्प लिया। सिकल सेल मरीजों को राहत देने योजना बनाई। नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए, डॉक्टर की सीटें बढ़ाई। इसी के तहत हमारे छिंदवाड़ा के मेडिकल कॉलेज से भी प्रतिवर्ष 150 विद्यार्थी डॉक्टर बनकर निकल रहे हैं। पहले से अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं, अच्छा उपचार मिल रहा है। जरूरतमंद परिवारों के लिए आयुष्मान भारत योजना से 5 लाख तक का निःशुल्क उपचार सुनिश्चित कराया है। उनके द्वारा लगातार किए जा रहे सेवा कार्यों के लिए ही हम उनके जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चला रहे हैं। इसी के तहत वडनगर से वाराणसी के लिए सेवा संकल्प यात्रा निकाली जा रही है, उन्होंने जिले में पहुंचे सभी सेवा यात्रियों का पुनः स्वागत अभिनन्द किया, और उनके द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।
यात्रा के जिला प्रभारी कमलेश ऊईके ने कहा कि वडनगर से निकली सेवा यात्रा जुन्नारदेव विधानसभा के रामपुर से होते हुए जिले में पहुंची है। इस यात्रा के माध्यम से हम प्रधानमंत्री श्री मोदी के सेवा संकल्प विकसित भारत 2047 के साथ जुड़ रहे हैं। ये सेवा यात्री देश के विकसित और विकासशील स्थलों का दर्शन कर आगे बढ़ रहे हैं, और यह सौभाग्य की बात है कि यह यात्रा जिले में भी पहुंची है।
वडनगर से आए सेवा यात्री श्री रोहित ने यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डाला एवं मध्यप्रदेश और छिंदवाड़ा वासियों से सेवा यात्रियों को मिल रहे स्नेह के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में यात्रा का आज 9 वाँ दिन है। इस यात्रा का अनुभव, इस दौरान मिले स्नेह और अपनेपन का स्मरण कई वर्षों तक रहेगा। सेवा यात्रा अपने मार्ग के विभिन्न राज्यों के सभी ग्रामों में पहुंचकर हितग्राहियों से संवाद कर रही है, स्वच्छता, पौधारोपण जैसे विभिन्न सेवा कार्यों में सहभागिता कर रही है। यह यात्रा एक राज्य को दूसरे राज्य को जोड़ने का कार्य भी कर रही है।
इस कार्यक्रम में अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, डिप्टी कलेक्टर राहुल पटेल, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अभय कुमार सिन्हा, सीएमएचओ डॉ.अर्चना कैथवास सहित मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य विभाग, आयुष और होम्योपैथी एसोसिएशन की टीम, पूर्व विधायक नत्थन शाह कवरेती, घनश्याम, योगेंद्र राणा, रिजवान खान, शैलेंद्र रघुवंशी, शैलेन्द्र पटेल, विक्की मंडराह, अंकुर शुक्ला, विजय पांडे, अल्केश लांबा, डॉ. कृष्णा हरजानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सेवा यात्रा के बाइकर्स विपिन, दर्शन पटेल सहित सभी 25 सेवा यात्री शामिल हुए। यहां से सेवा यात्रा अपने अगले पड़ाव के लिए अमित ठेंगे चौक, रेलवे स्टेशन, नरसिंहपुर नाका, खापाभाट चौक, सारना सिंगोड़ी होते हुए अमरवाड़ा पहुंची और सुंदरकाण्ड पाठ कार्यक्रम में सहभागिता कर रात्रि विश्राम किया। इन सभी स्थलों पर यात्रा के आगमन पर सेवा यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया गया। रविवार को यह यात्रा विभिन्न सेवा कार्य करते हुए अमरवाड़ा से चौरई होते हुए सिवनी के लिए प्रस्थान करेगी।