17 सितंबर को लगने वाले स्वास्थ्य शिविर को लेकर देर रात तक सांसद ने ली बैठक
छिंदवाड़ा
15-Sep-25
17 सितम्बर को दशहरा मैदान छिंदवाड़ा में होगा “विशाल स्वास्थ्य शिविर“ का आयोजन
मेडिकल बोर्ड भी रहेगा मौजूद, आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे, सिकल सेल की स्क्रीनिंग एवं उपचार के लिए यू.डी.आई.डी. कार्ड भी बनाए जाएंगे
छिन्दवाड़ा
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक जिले में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ 17 सितम्बर को मध्य प्रदेश के धार जिले से करेंगे। जिसके सफल क्रियान्वयन के लिए तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक सोमवार को सांसद विवेक बंटी साहू की विशेष मौजूदगी एवं कलेक्टर छिंदवाड़ा शीलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का आयोजन कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया था।
बैठक में सांसद श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप ही जिले में सेवा पखवाड़ा, स्वस्थ नारी सशक्त परिवार सहित सभी अभियान और विशाल स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाना है। मेगा हेल्थ कैंप में पंजीयन और दवाई वितरण के लिए व्यवस्थित काउंटर बनाया जाए। जिनके आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, बनाने की व्यवस्था की जाए। इसके लिए लोगों को 2 फोटो और आधार कार्ड अनिवार्य रूप से साथ लाने के लिए जागरूक करें। उन्होंने सेवा पखवाड़ा के दौरान शत प्रतिशत सिकल सेल पीड़ितों का चिन्हांकन कर उनके यू.डी.आई.डी कार्ड बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। जिससे उनका समुचित उपचार हो सके और उन्हें पेंशन का लाभ भी मिल सके।
18 को राजा शंकर शाह व कुंवर रघुनाथ शाह का बलिदान दिवस मनाया जाएगा
बैठक में सांसद श्री साहू ने बताया कि 18 सितम्बर को जिलेभर में राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह का बलिदान दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि इस दिन सभी स्कूलों एवं कॉलेजों में भी विशेष चर्चा का आयोजन कराएं। सांसद श्री साहू ने कहा मेगा स्वास्थ्य शिविर में दिव्यांगजनों को जिनके उपकरण टूट गए हैं, उन्हें भी उपकरण वितरण की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा उन्होंने जानकारी दी कि सांसद खेल महोत्सव का आयोजन भी किया जायेगा , जिसके लिए 20 सितम्बर तक बच्चों का पंजीयन किया जाना है। हर गांव के बच्चे का इसमें पंजीयन हो सके, इसके प्रयास करें।
प्रदेश के 8 जिलों में छिन्दवाड़ा को किया शामिल
विदित हो कि उक्त अभियान का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी चुनौतियों की पहचान कर उन्हें समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर छिंदवाड़ा सहित प्रदेश के 08 जिलों में जिला स्तरीय विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में सर्वप्रथम सभी विभागों के अधिकारियों से उनसे संबंधित तैयारियों की स्थिति की जानकारी ली गई।
कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने दिए निर्देश
कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने सभी डॉक्टर्स को सख्त निर्देश दिए हैं कि शिविर के दौरान पूरे समय शिविर स्थल पर मौजूद रहें और लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं। चिकित्सकों की टीम क लिए स्वल्पाहार एवं भोजन शिविर स्थल पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में एसडीएम, सीएमएचओ, मेडिकल कॉलेज सुपरिंटेंडेंट, विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं सभी विभागों से तैयारियों की विस्तार से जानकारी ली। कलेक्टर ने बताया कि मेगा शिविर में सभी लाडली बहनों तथा छात्रावासों के विद्यार्थियों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। साथ ही 17 सितम्बर को सभी आंगन बाड़ी केंद्रों, आयुष्मान मंदिरों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं मेगा स्वास्थ्य कैंप स्थल पर प्रधानमंत्रीजी के धार में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी प्रदर्शित किया जाएगा।
सेवा पखवाड़ा में ईट राइट के तहत तेल खपत कम करने का संकल्प
कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि राज्य सरकार ने स्वच्छता अभियान / सेवा पखवाड़ा के दौरान यह निर्देश दिए हैं कि ईट राइट कैंपेन के तहत खाने-पीने में उपयोग होने वाले तेल की खपत को लगभग 10 प्रतिशत तक कम करना है और लोगों में स्वास्थ्य खान पान की आदतों का विकास करना है।
बैठक में यह रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
बैठक में प्रमुख रूप से जिसमें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार, एडीएम धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर जैन व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नरेश गोन्नाडे सहित संबंधित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे, जबकि अन्य सभी एसडीएम, सीईओ जनपद पंचायत, सीएमओ एवं सीडीपीओ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े थे।
प्रभारी अधिकारी ने दी जानकारी
बैठक में प्रभारी अधिकारी मेगा हेल्थ कैंप एवं सीईओ जिला पंचायत श्री कुमार ने बताया कि छिंदवाड़ा शहर के दशहरा (पोला) मैदान में 17 सितम्बर, बुधवार को विशाल स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ जिले के पंजीकृत निजी अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सक भी अपनी सेवाएँ देंगे। इसमें प्रमुख रूप से क्लेरिस हॉस्पिटल, आरोग्य हॉस्पिटल, विवांता हॉस्पिटल, नहार हॉस्पिटल, आनंद हॉस्पिटल, सोनारे मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, कान्हा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, सदय चिल्ड्रन हॉस्पिटल, लाईफ केयर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, सुशीला जैन मैमोरियल हॉस्पिटल, आदित्य मदर चाइल्ड एण्ड मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बिन्द्रा हॉस्पिटल, सतनाम हॉस्पिटल, एलिट हॉस्पिटल, निर्मला हॉस्पिटल, मर्सी हॉस्पिटल, दुबे नर्सिंग होम, वर्मा नर्सिंग होम, समर्पण हॉस्पिटल, पवार हॉस्पिटल, श्रीकृष्णा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, निरामय हॉस्पिटल, वंश नर्सिंग होम, बालाजी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, पाण्डेय हॉस्पिटल, कल्पतरू हेल्थकेयर, सिद्धार्थ हॉस्पिटल, मैटरनिटी एवं सर्जिकल सेंटर, श्री साई हॉस्पिटल, जैन हार्ट क्लिनिक एण्ड नर्सिंग होम सहित अन्य अस्पताल शामिल होंगे।