किसानों के बीच पहुंचा ‘मन की बात’ का संदेश
छिंदवाड़ा
30-Aug-26
छिंदवाड़ा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का रविवार को भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिलेभर में किसानों के साथ श्रवण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी विचारों और जनहित से जुड़े संदेशों को किसानों ने ध्यानपूर्वक सुना।
इसी क्रम में भाजपा किसान मोर्चा जिला छिंदवाड़ा के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र रघुवंशी ने चौरई विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 108, सांख में किसान बहनों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण किया। इस अवसर पर शैलेंद्र रघुवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करते हैं। उनके विचार और प्रेरणादायी संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा किसान मोर्चा का उद्देश्य किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक किसान तक पहुंचाना तथा किसानों को संगठित और सशक्त बनाना है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं और सरकार की योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए किसान मोर्चा सक्रिय भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम के दौरान किसान बहनों एवं कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को सुना और ‘मन की बात’ के माध्यम से किसानों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए दिए गए संदेशों को प्रेरणादायी बताया। किसान मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री के जनसंवाद को गांव-गांव और किसान तक पहुंचाने के लिए मोर्चा निरंतर सक्रिय रहेगा।