किसान को बीमा किस्त कटने के बाद भी नहीं मिला पॉलिसी बॉन्ड
कृषि जगत
09-Oct-26
पांढुर्णा में अल्प वर्षा से फसलें तबाह, किसान क्लेम को लेकर असमंजस

पांढुर्णा (छिंदवाड़ा अपडेट)
क्षेत्र में इस वर्ष हुई अल्प वर्षा ने किसानों की कमर तोड़कर रख दी है। प्राकृतिक आपदा और बारिश न होने के कारण पांढुर्णा जिले में फसलें पूरी तरह सूखकर बर्बाद हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय किसानों के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। एक तरफ जहां फसलों की बर्बादी से किसान बेहद परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ मिलने को लेकर भारी अनिश्चितता बनी हुई है।
किसानों के बैंक खातों से फसल बीमा की प्रीमियम राशि समय पर काट ली गई है, लेकिन विडंबना यह है कि किसी भी किसान को अब तक पॉलिसी बॉन्ड उपलब्ध नहीं कराया गया है। अधिकांश किसान इस बात से पूरी तरह अनभिज्ञ हैं कि उनकी पॉलिसी की शर्तें क्या हैं और वे प्राकृतिक आपदा के बाद क्षतिपूर्ति के लिए क्लेम कैसे दर्ज करें।
5 अगस्त को कलेक्टर को दिया था ज्ञापन, नहीं हुई कार्रवाई
बीमा कंपनियों और संबंधित विभागों की इस लापरवाही को लेकर पार्षद दुर्गेश उईके ने 5 अगस्त को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द पॉलिसी बॉन्ड उपलब्ध कराने की मांग की थी। ज्ञापन सौंपे जाने के लंबे समय बाद भी प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शून्य है। न तो किसानों को पॉलिसी बॉन्ड दिए गए, और न ही क्लेम प्रक्रिया को लेकर कोई मार्गदर्शन मिला।
क्लेम प्रक्रिया में किसानों की बढ़ी मुश्किलें
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के नियमानुसार प्राकृतिक आपदा या सूखे की स्थिति में क्षतिपूर्ति का दावा करने के लिए बीमा पॉलिसी नंबर और निश्चित समय सीमा 72 घंटे के भीतर सूचना देना अनिवार्य होता है। पॉलिसी बॉन्ड न होने के कारण किसान समझ नहीं पा रहे हैं कि वे समय रहते अपना क्लेम कैसे फाइल करें। प्रशासन की इस उदासीनता से आक्रोशित किसानों ने जल्द से जल्द पॉलिसी बॉन्ड दिलाने और सूखा प्रभावित फसलों का सर्वे कराकर मुआवजा राशि खाते में जमा कराने की गुहार लगाई है।