Home News Helpline Classified Jobs About Contact

मृत शिशु के परिजन को मिली 4 लाख की आर्थिक सहायता

मृत शिशु के परिजन को मिली 4 लाख की आर्थिक सहायता
छिंदवाड़ा
23-Aug-26
सांसद ने ली चिकित्सकों और अधिकारियों की बैठक

सांसदनिधि से वॉर्मर मशीन देने की घोषणा की

सांसद ने मृतक बच्ची के पिता से की मुलाकात 

छिन्दवाड़ा

जिला चिकित्सालय छिन्दवाड़ा के एसएनसीयू वार्ड में गत दिनों आग लगने के बाद बच्चों के झुलसने के मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने रविवार को जिला चिकित्सालय में स्थित एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण करते हुए एसएनसीयू वार्ड में भर्ती बच्चों को दी जा रही चिकित्सा सुविधा को देखा और वार्ड में बढ़ती हुई बच्चों की संख्या देखते हुए व्यवस्थाओं को लेकर चिकित्सको को मार्गदर्शन देते हुए अधिकारियों को एसएनसीयू वार्ड में व्यवस्थाओं को दूरूस्त करने के निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने जबलपुर में ली बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी

इस दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है, भाजपा सरकार सभी पीड़ित परिवारों के साथ है। जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती बच्चों के इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी उन्हें बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की संवेदनशीलता का परिचय है कि शनिवार की रात उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने जबलपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचकर वहा भर्ती बच्चों को दी जा रही चिकित्सा सुविधा की जानकारी लेते हुए चिकित्सकों और अधिकारियोे को बच्चों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है।

सांसद ने ली चिकित्सकों और अधिकारियों से जानकारी

निरीक्षण के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने चिकित्सकों और चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेते हुए घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी हासिल की। जानकारी लेने के बाद सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि एसएनसीयू वार्ड में घटना के दौरान मौजूद नर्सिंग स्टॉफ और गार्ड की सर्तकता और की गई त्वरित कार्यवाही के कारण बड़ी घटना नही हो सकी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि एसएनसीयू वार्ड में बढ़ती हुई बच्चों की संख्या को देखते हुए यहा उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से व्यवस्थाओं को दूरूस्त किया जाए।

एक और बनेगा एसएनसीयू वार्ड 

इस दौरान सांसद श्री साहू ने कहा कि जिला चिकित्सालय में एक अन्य एसएनसीयू वार्ड तैयार करते हुए यहा पर भी जिला चिकित्सालय में मौजूद अन्य पांच मशीनों को रखकर नवजात बच्चों को भर्ती किया जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वे अपनी सांसद निधि से और भी वॉर्मर मशीन उपलब्ध करा देंगे। इस अवसर पर सांसद श्री साहू ने इस दुखद घटना पर दुख व्यक्त करते हुए इस घटना में मृतक बच्ची के पिता से मुलाकात कर उन्हें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के द्वारा दी गई 4 लाख की राशि का चेक प्रदान किया।

नर्सिंग स्टाफ और गार्ड का होगा सम्मान

  • सांसद बंटी विवेक साहू ने घटना के दौरान त्वरित कार्यवाही करने पर नर्सिंग स्टॉफ व गार्ड के कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हे 26 जनवरी के अवसर पर सम्मानित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिए है। इस दौरान सांसद श्री साहू ने जिला चिकित्सालय में पड़े वेस्ट मटेरियल का सही समय पर उठाव नहीं होने पर उत्पन्न हो रही गंदगी पर चिंता जाहिर करते हुए इसके सही समय पर उठाव करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के डीन अभय सिन्हा, एसडीएम सुधीर जैन, भाजपा के वरिष्ठ नेता अंकुर शुक्ला, सत्येन्द्र ठाकुर, बिट्टू मंडराह, रवि मालवी, अंकित तिवारी एवं अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता व सीएमएचओ, सीएमओ सहित चिकित्सकगण, अन्य अधिकारी, कर्मचारी प्रमुख रूप से मौजूद थे।

Share News On