बाबा अमरनाथ जी का हुआ रुद्राभिषेक, महाआरती कर की गई अर्चना
छिंदवाड़ा
24-Aug-26
छिंदवाड़ा

सावन माह के चौथे सोमवार को स्थानीय अनगढ़ हनुमान मंदिर में शिव शक्ति सेवा मंडल की ओर से धार्मिक आयोजन किया गया। सुबह 30 शिवलिंगों का अभिषेक किया गया। वहीं शाम को हिमालय की वादियों में हिम की बूंदों से बनने वाले बाबा अमरनाथ जी का प्रतीकात्मक शिवलिंग तैयार कर रुद्राभिषेक किया गया।
मंडल के सेवादारों ने बाबा अमरनाथ जी का शिवलिंग तैयार किया। यह आयोजन मंडल के 24वें वर्ष में आयोजित किया गया। परम पूज्य महामंडलेश्वर श्री नागेंद्र ब्रह्मचारी जी के सानिध्य में शाम 6 बजे विद्वान ब्राह्मणों और मंडल के सेवादारों ने विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। इस दौरान देश की पावन नदियों और तीर्थस्थलों के जल से भगवान शिव का अभिषेक किया गया।
मंत्रोच्चार, ढोल-नगाड़ों, करतल ध्वनि और ‘बम-बम भोले’, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजकों ने बताया कि सावन माह में क्षेत्र में अच्छी बारिश की कामना और सुख-समृद्धि के लिए रुद्राभिषेक का विशेष महत्व है। मान्यता है कि भगवान शिव की आराधना से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
महाआरती के बाद बांटा महाप्रसाद
रुद्राभिषेक के बाद बाबा अमरनाथ जी की महाआरती की गई। इसके पश्चात फलाहारी खीर का महाप्रसाद भक्तों में वितरित किया गया। बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी बंधु और श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए। आयोजकों ने कहा कि जो श्रद्धालु बाबा अमरनाथ जी की कठिन यात्रा पर नहीं जा पाते, वे यहां बाबा के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर सकते हैं।