गायत्री परिवार ने लगाया हर्रई में एक दिवसीय युवा चेतना जागरण शिविर
छिंदवाड़ा
24-Aug-26
छिंदवाड़ा/हर्रई

अखिल विश्व गायत्री परिवार के मार्गदर्शन में गायत्री परिवार शाखा हर्रई द्वारा 23 अगस्त सोमवार को सोनपुर रोड स्थित राइज स्कूल में एक दिवसीय युवा चेतना जागरण शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में जिले से पधारे मुख्य अतिथियों के रूप में शक्तिपीठ छिंदवाड़ा के मुख्य ट्रस्टी अशोक माहोरे, डॉक्टर हेमंत माहोरे एवं सतीश कोठे की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं हर्रई से विशिष्ट अतिथि के रूप में रविशंकर विश्वकर्मा, प्राचार्य, हाई स्कूल बरगी एवं लक्ष्मीकांत गुप्ता, डायरेक्टर, राइज स्कूल हर्रई उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों एवं वरिष्ठ परिजनों का तिलक, रोरी एवं पुष्पों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। गुरु वंदना एवं प्रज्ञा गीत के साथ कार्यक्रम को गति दी गई। शिविर में अतिथियों एवं वरिष्ठ परिजनों द्वारा युवाओं को संबोधित करते हुए मां गायत्री के महामंत्र की महिमा, पूज्य गुरुदेव के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने, मानव जीवन का उद्देश्य, व्यक्तित्व विकास, युवाओं में सद्विचारों का उदय एवं नशा मुक्त भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सारगर्भित उद्बोधन दिया गया।
वरिष्ठ परिजन आदरणीय बलराम सिगोतिया ने व्यक्तित्व विकास पर विशेष मार्गदर्शन दिया। विकासखंड हर्रई समन्वयक सुभाष डेहरिया ने गायत्री मिशन के आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में विकासखंड हर्रई युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुरेंद्र गोस्वामी ने उपस्थित सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं युवाओं का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान एवं शांति पाठ के साथ शिविर का समापन हुआ। तत्पश्चात सभी ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।