Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

टॉपर विद्यार्थियों को स्कूटी मिलने पर खुशी से छात्र - छात्राओं के चेहरे खिले

टॉपर विद्यार्थियों को स्कूटी मिलने पर खुशी से छात्र - छात्राओं के चेहरे खिले
छिंदवाड़ा
11-Sep-25
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम

छिन्दवाड़ा

शिक्षा का मूल्य तब और बढ़ जाता है जब मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को सम्मान और सहयोग दोनों मिलते हैं। यही नजारा आज पूरे प्रदेश में देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर से प्रदेश में 12वीं कक्षा के 7,832 टॉपर विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूटी योजना के तहत राशि प्रदान की। कार्यक्रम का जिला स्तर पर आयोजन शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू के मुख्य आतिथ्य में किया गया था।


मेधावी विद्यार्थियों को मिली नई उड़ान: सांसद बंटी विवेक साहू

इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आज मेधावी विद्यार्थियों को नई उड़ान मिली है। सरकार आपकी शिक्षा को लेकर सजग है। नये पाठ्यक्रमों और व्यवसायिक शिक्षा को जोड़ा जा रहा है। सरकार जब आपके भविष्य के लिए इतना प्रयास कर रही है, तो आप भी पूरी तन्मयता से पढ़ाई करें और आगे बढ़ें। 

आपके जीवन का यह गोल्डन पीडियड: कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह

कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा यह आपके जीवन का गोल्डन पीरियड है। मेहनत करें, पढ़ाई पर ध्यान दें और अपने माता-पिता व जिले का नाम रोशन करें। कार्यक्रम में संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस. बघेल ने बताया कि छिंदवाड़ा जिले में 319 बच्चों को स्कूटी की सौगात मिली है। इसी तरह पांढुर्णा जिले के 73 विद्यार्थियों को स्कूटी की सौगात मिली है।
          जिसमें कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस. बघेल सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधिगण भी शामिल हुए। सभी ने छिंदवाड़ा ब्लॉक के मेधावी छात्र - छात्राओं को मोटराइज्ड और ई स्कूटी प्रदाय की और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इसी तरह सभी ब्लॉक मुख्यालयों के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालयों में सामूहिक रूप से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। सभी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया था।

बालिकाओं को सेनिटेशन और हाइजीन के लिए स्टाइपेंड की सौगात

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने सिर्फ स्कूटी ही नहीं, बल्कि बालिकाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए भी बड़ी पहल की। समग्र शिक्षा की सेनिटेशन एवं हाइजीन योजना के अंतर्गत वर्ष 2025 में कक्षा 7वीं से 12वीं तक की 20 लाख 37 हजार 439 बालिकाओं के खातों में 61 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई। प्रत्येक बालिका को स्वास्थ्य और स्वच्छता के लिए प्रति वर्ष 300 रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही, 20 हजार 100 बालिकाओं के खातों में 7 करोड़ रुपये की स्टायपेंड राशि भी सिंगल क्लिक से अंतरित की गई।

स्कूटी पाकर खुशी से खिले मेधावी विद्यार्थियों के चेहरे

शासकीय कन्या उच्चतर विद्यालय, चन्दनगांव की मेधावी छात्रा प्राची चौरिया ने बताया कि पहले स्कूल जाने में कठिनाई होती थी, लेकिन अब स्कूटी मिलने से पढ़ाई पर पूरा ध्यान दे सकूँगी। स्वाति रघुवंशी, गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा ने खुशी जताते हुए कहा कि अब मैं समय पर कॉलेज पहुँच जाती हूँ। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री जी की आभारी हूँ। नमन साहू, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोटलबर्री के छात्र ने कहा कि स्कूल आने-जाने की समस्या पूरी तरह खत्म हो गई है। यशिका दुबे शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा की छात्रा जो स्टेट मेरिट लिस्ट में 7 वें स्थान पर रही। इन्होंने मुख्यमंत्री, सांसद और कलेक्टर का आभार व्यक्त किया। आकाश यादव गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल खैरी भुताई के छात्र ने कहा कि यह मेरे लिए बहुत बड़ी मदद है। मुख्यमंत्री को दिल से धन्यवाद।

         कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक नथनशाह कवरेती, नगर निगम सभापति चंद्रभान देवरे,पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष जगेंद्र अल्डक, मंडल अध्यक्ष सौरभ ठाकुर,अंकुर शुक्ला, श्रीमती लीला बजोलिया, मनोज कुशवाहा,रोहित पोफली सहित भाजपा नेतागण, शिक्षक एवं विद्यार्थी गण उपस्थित हुए।
Share News On