Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

अपनी ही सरकार में धरना देने को मजबूर भाजपा मंडल अध्यक्ष: तिवारी

अपनी ही सरकार में धरना देने को मजबूर भाजपा मंडल अध्यक्ष:  तिवारी
छिंदवाड़ा
11-Sep-25
शराब की अवैध बिक्री को लेकर कांग्रेस हुई मुखर

छिन्दवाड़ा

जिले में बिक ही रही अवैध शराब को लेकर कांग्रेस अब मुखर होने लगी है। गुरूवार को हुए घटनाक्रम ने कांग्रेस को वह अवसर उपलब्ध करा दिया जिससे पार्टी के नेताओं के साथ-साथ पार्टी की करनी और कथनी में अंतर दिखाई देने लगा है। भाजपा की सरकार में माफियाओं का राज है इसीलिये स्वयं की सरकार में सुनवाई नहीं होने पर भाजपा के ग्रामीण मंडल अध्यक्ष को पुलिस चौकी परिसर के अंदर धरना देना पड़ रहा है। उक्त उदगार कांग्रेस के परासिया विधानसभा प्रभारी राजीव तिवारी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से व्यक्त किए।
श्री तिवारी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा की सरकार में प्रदेश की राजधानी से लेकर जिला व ब्लॉक स्तर से लेकर गांव-गांव तक खुलेआम अवैध शराब परोसी जा रही है। इसका ताजा उदाहरण कोयलांचल है जहां धड्ल्ले से अवैध शराब की तस्करी से लेकर बिक्री जारी है। अनेकों बार कांग्रेस ने पुलिस व प्रशासन को आवेदन व निवेदन के माध्यम से कार्रवाई के लिए मांग की, किन्तु सांसद का हाथ माफियाओं के साथ होने के चलते आबकारी व पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आम व्यक्ति की शासकीय दफ्तरों में कितनी सुनवाई हो रही होगी। सतत रूप से समाज में घोले जा रहे नशे के रुष्ठ और पुलिस व आबकारी के द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज भाजपा के पगारा मंडल अध्यक्ष मनीष सोनू यादव ने अपने साथियों के साथ गत दिवस शराब से भरा वाहन पकड़ा और बड़कुही पुलिस के सुपुर्द किया। दिन दहाड़े नशे की तस्करी के खिलाफ उन्होंने मोर्चा खोलते हुए पुलिस की बखिया उधेड़ते हुए कहा कि विगत छह माह से अवैध शराब तस्करी के वीडियो और फोटो पुलिस व आबकारी को भेज फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

Share News On