रोजगार मेला ग्रामीण युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: बंटी विवेक साहू
छिंदवाड़ा
11-Sep-25
सांसद बंटी साहू व पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड हुए मेले में शामिल
छिन्दवाड़ा
गुरुवार को सौसर के अन्नाभाऊ साठे मंगल भवन में विकासखंड स्तरीय रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। जनपद पंचायत के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। विभिन्न कंपनियों ने यहां अपने स्टॉल लगाकर रोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी तथा ऑन द स्पॉट चयन प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं का भविष्य संवारा।

स्वरोजगार मेले में उपस्थित युवाओं एवं स्व सहायता समूह की महिलाओं को संबोधित करते हुए सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि रोजगार मेला ग्रामीण युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। आज का युवा मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकता है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक युवा आत्मनिर्भर बने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ रही हैं। स्टार्टअप और नए उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन देकर रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
सांसद साहू ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा,आज के दौर में रोजगार की संभावनाएँ असीमित हैं। ज़रूरत है तो केवल सही दिशा और प्रयास की। यदि युवा दृढ़ निश्चय और मेहनत से आगे बढ़े तो कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं है। उद्यमियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उद्योगों और कंपनियों को आगे लाना बेहद ज़रूरी है। इससे युवाओं को यहीं अवसर मिलेंगे और पलायन रुकेगा। अंत में सांसद ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इस तरह के रोजगार मेले लगातार आयोजित होते रहेंगे, जिससे और अधिक युवाओं को अवसर प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विवेक बंटी साहू उपस्थित रहे। साथ ही पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड, भाजपा नेता संतोष जैन, नरेन्द्र सिंह परमार, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नारायण वाडोदे, जप सदस्य डॉ. गुलाबराव पांडे, सेवकराम गमे, वरिष्ठ भाजपा नेता राजू नरोटे, संतोष पटेल, जागेन्द्र अल्डक, रिजवान कुरैशी, रोहित पोफली, चंद्रभान देवरे, मंडल अध्यक्ष दर्शन झाडे, प्रभाकर बोबडे, नामदेव पाल मंचासीन थे।
सेज के पुनर्स्थापना के प्रयास जरूरीरू नानाभाऊ मोहोड
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड ने सीमावर्ती क्षेत्र में स्थापित स्पेशल इकॉनॉमिक जोन (ैमर््) के विषय पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्षों से ढाई हजार हेक्टेअर जमीन जस की तस पड़ी हुई है। यदि सांसद महोदय भारत सरकार के माध्यम से यहां उद्योग इकाईयों की स्थापना में पहल करें तो निश्चित तौर पर छिंदवाड़ा- पांढुर्णा जिले की तस्वीर बदल जाएगी और हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।
105 युवाओं को नियुक्ति पत्र ,130 समूहों को ऋण वितरण
मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रफुल लव्हाले ने बताया कि रोजगार मेले में कुल 221 युवाओं ने पंजीयन कराया। इनमें से 105 युवाओं को उपस्थित 6 कंपनियों द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही 130 स्व-सहायता समूहों को 2 करोड़ 95 लाख रुपये की राशि ऋण स्वरूप वितरित की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला आजीविका मिशन की प्रबंधक रेखा अहिरवार, ईश्वर यादव, सुधीर ठाकरे सहित पूरी टीम का योगदान रहा। संचालन सचिव योगेश भद्रे ने किया।