पुस्तक मेले में एक दिन में 6 लाख से अधिक की हुई बिक्री
छिंदवाड़ा
05-Apr-26
शिक्षा विभाग ने जारी किए आंकड़े
छिंदवाड़ा
जिला प्रशासन छिंदवाड़ा एवं शिक्षा विभाग द्वारा संचालित पुस्तक एवं गणवेश मेले का आयोजन 05 अप्रैल को कलेक्टर हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन में पीएमश्री महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदवाड़ा में किया जा रहा है। मेले के आज द्वितीय दिवस पर जिले भर से बड़ी संख्या में छात्र एवं पालक उपस्थित हुए और एक ही परिसर में पुस्तक, कॉपी एवं गणवेश की खरीदी की।
सोमवार को मेले का अंतिम दिन
रविवार अवकाश होने के बावजूद मेले में उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। उचित मूल्य पर छूट के साथ खरीदारी की सुविधा मिलने से लगभग 6 हजार से अधिक छात्र एवं पालकों ने लाभ उठाया। मेले में दुकानदारों द्वारा करीब 6 लाख 20 हजार रुपये का विक्रय किया गया। इस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। साथ ही बुक बैंक में पुरानी पुस्तकों को जमा कर जरूरतमंद छात्रों को वितरित करने की व्यवस्था भी की गई। मेले का तीसरा एवं अंतिम दिन 6 अप्रैल को रहेगा। जिला प्रशासन ने पालकों एवं छात्रों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस मेले का लाभ उठाएं।
शिक्षा विभाग के अधिकारी रहे उपस्थित
जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस.बघेल, जिला परियोजना समन्वयक, सहायक संचालक पी.एल. मेश्राम एवं पी.एन. डेहरिया के मार्गदर्शन में मेले का द्वितीय दिवस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मेले में किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं रही। साथ ही अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे अधिक से अधिक छात्रों को मेले का लाभ लेने के लिये प्रेरित करें तथा बुक बैंक में पिछले सत्र की पुस्तकों को जमा कराने के लिए भी प्रोत्साहित करें। इस अवसर पर बीईओ, बीआरसी, प्राचार्य एवं जन शिक्षक भी उपस्थित थे।