Home News Helpline Classified Jobs About Contact

स्वामित्व पंजीयन में उलझ गया जन विश्वास अभियान का 9वाँ शुक्रवार

स्वामित्व पंजीयन में उलझ गया जन विश्वास अभियान का 9वाँ शुक्रवार
छिंदवाड़ा
09-Oct-26
कलेक्टर ने बिछुआ के जमुनिया कला में आयोजित शिविर में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

उद्यमियों से भी संवाद किया 

मौके पर जनप्रतिनिधियों ने सौंपा ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का मालिकाना हक 

तहसील चाँद के बेलगांव में भी लगाई चौपाल

छिन्दवाडा अपडेट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जनसंवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान और लोकसेवाओं की सुगमता के उद्देश्य से शुक्रवार 09 अक्टूबर को छिंदवाड़ा जिले के बिछुआ विकासखंड की ग्राम पंचायत जमुनिया कला में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने क्षेत्र के ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने सीमांकन, अवैध कब्जा हटाने, नल कनेक्शन, पाइप लाइन विस्तार, खराब सड़क, स्वास्थ्य अमले की मॉनिटरिंग, झोलाछाप डॉक्टर्स पर कार्यवाही आदि से सम्बन्धित आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का भी समाधान किया गया। आवेदिका गायत्री परतेती की सीमांकन से संबंधित शिकायत पर पटवारी की लापरवाही सामने आने पर खमारपानी पटवारी को निलंबित करने के निर्देश दिए।

पटवारियों ने दिखाई स्वामित्व पंजीयन की पूरी प्रक्रिया

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर में सभी के समक्ष में पटवारी श्री सुनील गागड़े ने सारा ऐप के माध्यम से जमुनिया कला के ग्रामीण श्री अर्जुन मंहडोले का स्वामित्व योजना के तहत पंजीयन की पूरी प्रक्रिया की और कलेक्टर श्री नारायन को दिखाई। पटवारी श्री मंहडोले ने सभी तकनीकी दक्षताओं के साथ अपेक्षाकृत कम समय के अंदर सभी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कीं और स्वामित्व पंजीयन का कार्य पूर्ण किया।

जिसके बाद मौके पर ही तहसीलदार की आईडी से संपदा 2.0 के माध्यम से सत्यापन उपरान्त हितग्राही को उनकी सम्पत्ति के मालिकाना हक का दस्तावेज प्रिंट कर जनप्रतिनिधियों नगर परिषद अध्यक्ष बिछुआ श्री रामचंद्र बोबड़े, जनपद उपाध्यक्ष श्री निरंकुश नागरे, श्री गोलू नागरे, श्री लखन वर्मा व श्री शैलेश चोपड़े के हस्ते हितग्राही को सौंपा गया। इनके साथ ही तहसील बिछुआ के ग्राम उमरिया, घोराड, थोटामाल, दूधगांव, बिछवी, सावजपानी, सिरेपानी और सोनपुर के 12 हितग्राहियों को भी उनकी संपत्ति का मालिकाना हक के दस्तावेज सौंपे गए।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री नारायन ने सभी हितग्राहियों को भू - स्वामी बनने पर बधाई दी और इस दस्तावेज के फायदे बताए। अपनी संपत्ति का मालिकाना हक मिलने पर ग्रामीणों ने भी खुशी जाहिर की और शासन को धन्यवाद दिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और कलेक्टर श्री नारायन के साथ ही सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एसडीएम चौरई प्रभात मिश्रा, एसडीओपी श्रीमती भारती जाट, सीईओ जनपद बिछुआ श्री गौरव तिवारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि पर बने घरों और भूखंडों का ड्रोन व आधुनिक तकनीक से सर्वेक्षण कर लोगों को उनकी संपत्ति का कानूनी दस्तावेज प्रदान करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा स्वामित्व योजना चलाई जा रही है। इस योजना का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन कराया जा रहा है।

उद्यमियों से संवाद 

शिविर के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने क्षेत्र के उद्यमियों गुड़ यूनिट संचालक जितेंद्र रघुवंशी, फैब्रिकेशन यूनिट संचालक राहुल सिंह, आटा चक्की संचालिका श्रीमती शालिनी तेकाम और गेहूं फिल्टर प्लांट संचालक द्वारका सूर्यवंशी से भी संवाद किया। इस दौरान उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ लेकर लोन लेने से लेकर व्यवसाय की सफलता तक की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और उनकी समस्याएं भी सुनीं। कलेक्टर ने महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र को इन उद्यमियों को व्यवसाय बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हुए अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के भी निर्देश दिए।

बेलगांव में भी लगाई चौपाल

जमुनिया कला में आयोजित शिविर के बाद कलेक्टर श्री नारायन, सीईओ जिला पंचायत श्री कुमार के साथ तहसील चाँद के ग्राम बेलगांव पहुंचे और चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों के आवेदन पर त्वरित कार्यवाही करते हुए मोघर मनखेड़ी से बेलगांव तक की सड़क का निर्माण सुगम संपर्कता अभियान के तहत प्रस्तावित करने के निर्देश कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को दिए। यह सड़क बन जाने से चांद तक बहुत कम समय में पहुंचा जा सकेगा। इस दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने समक्ष में पटवारी से स्वामित्व योजना के तहत पंजीयन का कार्य करवाया और डाउट दूर किए, जिससे पटवारियों को पूरी प्रक्रिया की ठीक से जानकारी हो सके और स्वामित्व पंजीयन का कार्य जिले में गति के साथ पूरा कराया जा सके। कलेक्टर श्री नारायन द्वारा शनिवार 10 अक्टूबर को तहसील अमरवाडा और हर्रई क्षेत्र का भ्रमण कर वहाँ के पटवारियों से भी समक्ष में स्वामित्व पंजीयन का कार्य कराया जाएगा, जिससे यदि इस कार्य में कोई समस्या आ रही हो तो उसे दूर किया जा सके और आवश्यकता पड़ने पर पटवारियों की दोबारा ट्रेनिंग कराई जाएगी।
Share News On