विद्यार्थियों को दिए तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली के टिप्स
शिक्षा
10-Oct-26
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर माल्हनवाड़ा में व्याख्यानमाला आयोजित

छिंदवाड़ा अपडेट
माल्हनवाड़ा के शासकीय शाला में 10 अक्टूबर शनिवार को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एक विशेष व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और तनाव प्रबंधन के उपाय बताना था। कार्यक्रम के प्रमुख वक्ता डॉ. पवन नेमा ने विद्यार्थियों को पढ़ाई, परीक्षा और सामाजिक दबाव के कारण होने वाली चिंता व अवसाद से उबरने के लिए अपनी समस्याओं को साझा करने और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। वहीं, डॉ. रश्मि नेमा ने मानसिक स्वास्थ्य को भावनात्मक और सामाजिक कल्याण का आधार बताते हुए संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम, योग और ध्यान के महत्व को समझाया तथा आयुर्वेद के सिद्धांतों के जरिए जीवन में संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया। इसके अलावा, वक्ताओं ने भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों के साथ निरंतर संवाद और जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान विभिन्न मानसिक व्यायामों और सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया गया, जिसे सफल बनाने में डॉ. अंकुश साहू, विद्यालय के शिक्षकगण तथा बीएसडब्ल्यू के छात्र साक्षी धुर्वे और निखिल दखने का विशेष सहयोग रहा।