Home News Helpline Classified Jobs About Contact

अमरनाथ यात्रा का 12वां जत्था रवाना, 4 अगस्त को करेंगे बाबा बर्फानी के दर्शन

अमरनाथ यात्रा का 12वां जत्था रवाना, 4 अगस्त को करेंगे बाबा बर्फानी के दर्शन
धर्म
01-Aug-26
23वीं बार अमरनाथ यात्रा पर निकले रंजन साहू

छिंदवाड़ा

हिमालय की बर्फीली पर्वत श्रृंखलाओं के बीच समुद्र तल से लगभग 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित पवित्र श्री अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जिले से श्रद्धालुओं का 12वां जत्था शनिवार को रेलमार्ग से रवाना हुआ। यात्रियों को हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के साथ विदाई दी गई।

शिव शक्ति सेवा मंडल के सेवादार कृष्णा सेठिया एवं राकेश साहू ने बताया कि मंडल द्वारा जिले के लगभग एक हजार श्रद्धालुओं का पंजीयन बैंक एवं ऑनलाइन माध्यम से कराया गया है। 12वें जत्थे में सात श्रद्धालु शामिल हैं, जो बालटाल मार्ग से यात्रा कर 4 अगस्त को बाबा अमरनाथ के दर्शन करेंगे।

23 वीं बार अमरनाथ यात्रा पर जा रहे रंजन साहू

विशेष बात यह है कि नगर के श्रद्धालु रंजन साहू लगातार 23वीं बार बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए यात्रा पर रवाना हुए हैं। जत्थे का नेतृत्व भी रंजन साहू ही कर रहे हैं। जत्थे में बैसाकु मालवी, डॉ. हरिप्रसाद सतनामी, डॉ. मयंक कुमार साहू, सत्यनारायण झरिया, ऋतिक गौतम एवं शालिग्राम लागे शामिल हैं। मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि दर्शन तिथियों के अनुसार कुछ श्रद्धालु वायुमार्ग से भी यात्रा में शामिल होंगे। इस अवसर पर सभी यात्रियों की सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की गई।
Share News On