जिलेभर में नोटरी टिकट शुल्क 50 रुपये तय
छिंदवाड़ा
01-Aug-26
स्टाम्प टिकट की उपलब्धता पर सौंपेंगे ज्ञापन, एमपी विश्वकर्मा बनें संरक्षक

छिंदवाड़ा
जिला न्यायालय परिसर स्थित जिला अधिवक्ता संघ कार्यालय में शुक्रवार को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा नियुक्त जिले के नोटरी अधिवक्ताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शासन की गाइडलाइन के अनुरूप पूरे जिले में प्रत्येक दस्तावेज पर 50 रुपये का एक समान नोटरी टिकट शुल्क लागू करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बैठक में जिला कोषालय द्वारा नोटरी अधिवक्ताओं को 100 एवं 500 रुपये के आधेसिव स्टाम्प टिकट उपलब्ध नहीं कराए जाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। इस समस्या के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन एवं कलेक्टर छिंदवाड़ा को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से वरिष्ठ नोटरी अधिवक्ता महेश प्रसाद विश्वकर्मा को जिला नोटरी एसोसिएशन का संरक्षक नियुक्त किया गया। एसोसिएशन की कार्यकारिणी का गठन आगामी बैठक में किए जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में राजस्व न्यायालयों में प्रस्तुत किए जाने वाले शपथ पत्रों के संबंध में भी चर्चा हुई। नोटरी अधिवक्ताओं ने कहा कि राजस्व प्रकरणों में शपथ आयुक्त द्वारा प्रमाणित शपथ पत्र स्वीकार किए जा रहे हैं, जबकि विधिक प्रावधानों के अनुसार शपथ आयुक्त की नियुक्ति केवल उच्च न्यायालय के अधीनस्थ न्यायालयों में प्रस्तुत होने वाले शपथ पत्रों के प्रमाणीकरण के लिए होती है। शासकीय कार्यालयों में ऐसे शपथ पत्र मान्य नहीं हैं। इस विषय पर भी कलेक्टर छिंदवाड़ा को ज्ञापन देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।
बैठक में एम.पी. विश्वकर्मा, राजेश कौशल, एस.के. तिवारी, एन.के. कुशवाहा, अवधराज सिंह शक्रवार, हरभजन साहू, अशोक गुप्ता, अनिल पटेल, दुर्गेश विश्वकर्मा, नमन मेश्राम, अजय भांगे, अमोल डबली, मोना गुप्ता चांडक, संगीत वर्मा, शेख समी, गया प्रसाद साहू, अंशुमन मिगलानी एवं गिरधारी धानधोरे सहित जिलेभर के नोटरी अधिवक्ता उपस्थित रहे।