कांग्रेस बूथ को मजबूत करने जमीनी स्तर पर हुई सक्रिय
राजनीति
01-Aug-26
चौरई विधानसभा में छह बूथ समितियों की बैठक सम्पन्न

छिन्दवाड़ा
कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन से लेकर संगठनात्मक बैठकों में विशेष रूप से बूथ पर जोर देती हैं। अच्छी और मजबूत ईमारत के लिए नींव का सशक्त होना नितांत आवश्यक है इसीलिये बूथ को मजबूत करने पर अधिक से अधिक समय दिया जाए। इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका जमीनी स्तर के कार्यकर्ता व पदाधिकारी की होगी। उक्त उदगार चौरई विधायक सुजीत चौधरी ने चौरई विधानसभा में सम्पन्न हुई छह बूथ समितियों की बैठक में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए।
आयोजित बैठकों में उपस्थित कांग्रेसजन को सम्बोधित करते हुए श्री चौधरी ने आगे कहा कि जनता के बीच सच्चाई पहुंचना बहुत आवश्यक है। हमारी नैतिक व प्राथमिक जिम्मेदारी है कि जनता के बीच सच्चाई को पहुंचाए और बताएं कि वर्तमान सरकार आम नागरिक महंगाई के मुंह में धकेल चुकी है। कर्ज में डूबी हुई सरकार आम नागरिकों को राहत देने की बजाए उन्हें आफत दे रही है। महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते भ्रष्टाचार ने आम आदमी को जीवन मुश्किलों भरा हो चुका है।
विधानसभा क्षेत्र के कपुर्दा, किरगीपार, माचीवाड़ा, बिन्झावाड़ा, केदारपुर व जमुनिया बूथ कमेटियों की बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे। बैठक में तीरथ ठाकुर, प्रेमेंद्र (बंटी) साहू, सुशील सक्सेना, प्रशांत शर्मा, सचिन वर्मा, विजय वर्मा, राम तिवारी, नेतराम सनोडिया, रघुवीर वर्मा, सावन वर्मा, तनय अग्निहोत्री, खड़ग राम सनोडिया सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।