उमरेठ ब्लॉक के दो मंडलम की बैठक में बनी पंचायत चुनाव की रणनीति
राजनीति
01-Aug-26
रिधोरा व पटपड़ा मंडलम कांग्रेस की बैठक सम्पन्न

छिन्दवाड़ा
परासिया विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक उमरेठ में कांग्रेस के दो मंडलम की आवश्यक बैठक सम्पन्न हुई। आयोजित दोनों ही बैठकों में संगठनात्मक विषयों के साथ ही पंचायत चुनाव की तैयारियां, रणनीति व आगामी संगठनात्मक गतिविधियों पर गहन चर्चा की गई। उपस्थित मंडलम अध्यक्षगणों ने क्षेत्रीय समीकरण को दृष्टिगत रखते हुए अभी से पंचायत चुनाव की तैयारियों पर जोर दिया साथ ही कहा पंचायत चुनाव में क्षेत्रीय मुद्दे प्रमुख होते हैं जिन्हें आवश्यक रूप से जनता के बीच लाना आवश्यक है जिस पर सभी मिलकर कार्य कर रहे हैं।
हर दिन एक नई समस्या जन्म ले रही है: ओकटे
रिधोरा व पटपड़ा मंडलम की बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि सरकार की कमियां और नाकामियां इतनी है कि हर दिन एक नई समस्या जन्म ले रही है। जिला स्तर की बात तो दूर जनपद और जिला पंचायत जैसे निकायों में भी आम आदमी की समस्या सनी और सुलझाई नहीं जा रही। इसे प्रमुखता से उठाएं। पंचायत चुनाव भी हमारे लिए उतने ही महत्वपूर्ण है जितने विधानसभा और लोकसभा है।
अभी से सभी चुनाव की तैयारियों में जुट जाना चाहिए: वाल्मिक
परासिया विधायक सोहन वाल्मीकी ने कहा कि पंचायत स्तर पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की परेशानियों और जरूतरतों के लिए वे पूरे समय उपलब्ध है। संगठन को जहां भी जिन भी परिस्थितियों में उनकी आवश्यकता होगी वे कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ कांधे से कांधा मिलाकर चलने के लिए तैयार है। उन्होंने आगे कहा कि पंचायत चुनाव के साथ ही हमें आज से और अभी से सभी चुनाव की तैयारियों में जुट जाना चाहिए।
आयोजित बैठक में परासिया विधानसभा प्रभारी राजीव तिवारी, उमरेठ ब्लॉक अध्यक्ष मानक बेलवंशी, मंडलम अध्यक्ष किशोर उइके, सुनील चन्द्रवंशी, प्रदीप राय, मोहन महोरे, आरिफ कादरी, सुधा राजपूत, प्रदीप साहू, केशव कावले, रमेश पवार, मनोज पवार, सुलाराम पवार सहित कांग्रेस के मोर्चा, संगठन, विभाग व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।