विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव और सड़क सुरक्षा की दी जानकारी
छिंदवाड़ा
09-Oct-26
आईपीएस कॉलेज में सेवा संकल्प सोसायटी ने किया आयोजन

छिंदवाड़ा अपडेट
विद्यार्थियों एवं युवाओं को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करना, यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने के उद्देश्य को लेकर आईपीएस कॉलेज में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। संकल्प वेलफेयर सोसाइटी, आईपीएस कालेज एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम किया गया।
टीआई कंचन सिंह राजपूत एवं अभिषेक ठाकुर ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान तथा बैंकिंग संबंधी ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
यातायात प्रभारी संदीप सुनेश एवं लोहित शेंडे ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने तथा सड़क पर जिम्मेदारीपूर्वक व्यवहार करने की समझाइश दी उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
कार्यक्रम में कॉलेज प्राचार्य डॉ. जैमिनी खानवे, विनोद तिवारी, सुश्री आराधना शुक्ला, डॉ. डी.एस. चौरे, मुकेश दीक्षित, डॉ लता नागले, कमलेश डेहरिया, उर्मिला सिंह, रितेश मालवीय, अमित गजभिए, डॉ. झा, विनोद साहू अनु झा, डॉ हंसा राजपूत, सोमेश मिश्रा आदि उपस्थित रहे। इस अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के अंतर्गत संचालित सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थी, नवांकुर संस्था के पदाधिकारी, प्रस्फुटन समितियों के सदस्य, परामर्शदाता, आई पी एस कॉलेज के प्रोफेसर, विद्यार्थी एवं प्रबुद्धजन शामिल हुए। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थितजनों को साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी रितेश मालवीय ने किया। संस्था अध्यक्ष डॉ चंद्रकांत विश्वकर्मा ने सभी अतिथियों, पुलिस विभाग के अधिकारियों, साइबर विशेषज्ञों, कॉलेज प्रबंधन, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।