शिक्षक संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक में वरिष्ठता, क्रमोन्नती पर रणनीति तय
छिंदवाड़ा
10-Dec-25
शशि तिवारी संभागीय सह संगठन मंत्री नियुक्त
छिंदवाड़ा
मध्यप्रदेश शिक्षक संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक 06 एवं 07 दिसंबर को मानस भवन, गुना में संपन्न हुई । बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों, संगठन विस्तार, शिक्षकीय समस्याओं एवं आगामी कार्ययोजना पर महत्वपूर्ण चर्चा की गई । प्रांतीय बैठक में छिंदवाड़ा से 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जिसमें नंदकुमार शुक्ला, तोरणलाल परतेती, संजय नागदवने, वीरेन्द्र सोलंकी, बसंत शक्रवार ने सम्मिलित होकर जिले की समस्याओं एवं मांगों से प्रदेश कार्यकारिणी को अवगत कराते हुए इसके निराकरण हेतु प्रदेश स्तर से कार्यवाही करने हेतु अवगत कराया गया ।

संगठन के प्रदेश सह संगठन मंत्री नंद कुमार शुक्ला ने बताया कि बैठक का शुभारंभ अखिल भारतीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर, प्रांताध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर, प्रांतीय सह संगठन मंत्री हीरालाल तिरौले, महामंत्री राकेश गुप्ता तथा प्रांतीय उपाध्यक्ष श्रीमती राजश्री मरकाम द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ । सरस्वती वंदना सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई ।
अखिल भारतीय संगठन मंत्री ने प्रत्येक विकासखंड में मंडल रचना पूर्ण करने हेतु 21 या 25 दिसंबर को जिला स्तरीय बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया । उन्होंने सदस्यता अभियान, संगठन की त्वरित सूचना प्रणाली तथा “हमारा विद्यालय-हमारा तीर्थ” अभियान पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया ।
उन्होंने यह भी बताया कि 1 सितंबर को अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में देशभर के 1 करोड़ 30 लाख विद्यालयों के 5 करोड़ से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए।
बैठक में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ द्वारा वर्ष 2025 - 26 के कैलेंडर का विमोचन किया गया । संघ के मध्यक्षेत्र क्षेत्र कार्यवाह अशोक अग्रवाल ने संगठन की गतिविधियों को ऐतिहासिक बताया तथा शताब्दी वर्ष के गृह-संपर्क, सम्मेलन एवं साहित्य विक्रय कार्यक्रमों में व्यापक भागीदारी का आह्वान किया । प्रांताध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर ने शिक्षकीय मुद्दों पर चर्चा करते हुए चतुर्थ क्रमोन्नति आदेश शीघ्र जारी होने, अनुकंपा नियुक्ति सरलीकरण, अर्जित अवकाश विसंगतियों के निराकरण संबंधी जानकारी दी ।
उन्होंने ई-अटेंडेंस के आधार पर वेतन रोकने के विरोध में आंदोलन की चेतावनी दोहराई तथा एसआईआर सर्वे में समय-सीमा बढ़ाए जाने को संगठन के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम बताया । नवीन शिक्षक संवर्ग को नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता दिए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि यह संगठन का प्रमुख लक्ष्य है और इस विषय पर मुख्यमंत्री जी से चर्चा कर प्रांतीय सम्मेलन हेतु संघ प्रयासरत है । उन्होंने स्पष्ट कहा “संगठन शिक्षकों की असुरक्षा, अहित और अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगा।”
अंत में सभी संभागों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर प्रांताध्यक्ष द्वारा संभागीय संगठन मंत्री एवं सह संगठन मंत्रियों के नामों की घोषणा की गई जिसमें मध्यप्रदेश शिक्षक संघ छिंदवाड़ा के जिला संरक्षक श्री शशि कुमार तिवारी को संभागीय सह संगठन मंत्री का उत्तरदायित्व प्रदान किया गया। मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के जिला संरक्षक शशि कुमार तिवारी को प्रांतीय सम्मेलन में संभागीय सह संगठन मंत्री का उत्तरदायित्व प्रदान करने पर आज प्रांत एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों द्वारा श्री शशि कुमार तिवारी को सम्मानित कर शुभकामनाएं प्रदान की गई । बैठक का समापन कल्याण मंत्र के साथ हुआ ।