सोयाबीन फसल का पंजीयन 3 से 17 अक्टूबर तक
कृषि जगत
06-Oct-26
कृषि विभाग ने की किसानों से पंजीयन कराने की अपील

छिन्दवाडा अपडेट
शासन के निर्देशानुसार भारत सरकार की प्राइस डिफिसिट पेमेंट स्कीम (भावांतर योजना) अंतर्गत खरीफ वर्ष 2026 (विपणन वर्ष 2026-27) में ई-उपार्जन पोर्टल पर सोयाबीन फसल के पंजीयन की प्रक्रिया 03 अक्टूबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक की जा रही है। निर्धारित अवधि में किसानों का पंजीयन निर्धारित पंजीयन केंद्रों पर किया जाएगा।
तहसीलवार पंजीयन केंद्रों में छिंदवाड़ा के लिए विपणन सहकारी संस्था छिंदवाड़ा, मोहखेड़ के लिए सेवा सहकारी संस्था उमरानाला एवं सेवा सहकारी संस्था बदनूर (पालाखेड़), चौरई एवं चांद के लिए सेवा सहकारी संस्था चौरई, अमरवाड़ा एवं हर्रई के लिए सेवा सहकारी संस्था अमरवाड़ा, परासिया एवं उमरेठ के लिए सेवा सहकारी संस्था उमरेठ, जुन्नारदेव एवं तामिया के लिए सेवा सहकारी संस्था झिरपा, बिछुआ के लिए लैम्प्स सेवा सहकारी संस्था बिछुआ तथा सौंसर एवं पांढुर्णा के लिए विपणन सहकारी संस्था पांढुर्णा निर्धारित की गई है।
इसके अतिरिक्त किसान एमपी ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर, लोकसेवा केंद्र तथा स्वयं के मोबाइल अथवा कम्प्यूटर के माध्यम से एमपी किसान एप पर निर्धारित लिंक पर जाकर भी पंजीयन कर सकते हैं। कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं उप संचालक कृषि मोरिस नाथ द्वारा जिले के सोयाबीन फसल उत्पादक किसानों से अपील की गई है कि किसान निर्धारित समयावधि में अधिक से अधिक संख्या में अपनी उपज का पंजीयन कराकर योजना का लाभ प्राप्त करें।