दिव्यांगजनों को मिलेगा रोजगार, स्वास्थ्य जांच और उपकरणों का लाभ
स्वास्थ्य
06-Oct-26
8 अक्टूबर को प्रताप शाला मोहबे मार्केट में होगा विशेष कार्यक्रम

छिंदवाड़ा अपडेट
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा आवश्यक सहायक उपकरणों का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 8 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से दिव्यांगजन रोजगार, स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र, प्रताप शाला, मोहबे मार्केट, इतवारी बाजार छिंदवाड़ा में होगा।
कार्यक्रम संयोजक पंडित रमेश दुबे एवं कार्यक्रम प्रभारी धर्मेंद्र मिगलानी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। जरूरत के अनुसार उन्हें विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसरों तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी, जिससे वे आत्मनिर्भर होकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
कार्यक्रम में सांसद विवेक बंटी साहू एवं भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। आयोजन के माध्यम से दिव्यांगजनों को एक ही मंच पर स्वास्थ्य, रोजगार और सहायक उपकरण जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं का लाभ उपलब्ध करवाया जाएगा। सहप्रभारी डॉ गोपाल यदुवंशी, टीकाराम चन्द्रवंशी, अखिलेश शुक्ला, श्रीमती स्मृति यादव एवं डॉ कृष्णा हरजानी ने अधिक से अधिक दिव्यांगजनों से कार्यक्रम में पहुंचकर इसका लाभ लेने की अपील की है।