सुबह 6 बजे से अमरनाथ यात्रा के लिए तैयार शिवभक्तों का बैंक में डेरा
छिंदवाड़ा
15-Apr-26
छिंदवाड़ा
अमरनाथ में हर साल प्रकट होने वाले प्राकृतिक शिवलिंग को देखने देशभर से लाखों शिवभक्त जाते हैं। हमारे जिले से भी हजारों की संख्या में शिवभक्त अमरनाथ यात्रा जाते हैं। पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से 28 अगस्त तक बालटाल एवं चंदनवाड़ी पहलगाम मार्ग से प्रारंभ होगी। इस बार यात्रा अवधि 57 दिनों की होगी। प्रतिवर्षानुसार मानव सेवा में समर्पित संस्था शिव शक्ति सेवा मंडल रजि छिंदवाड़ा के द्वारा पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा के पंजीयन का कार्य एवं मार्गदर्शन यात्रियों की सेवा में किया जा रहा है।

मंडल सेवादार कृष्णा सेठिया और ,राकेश साहू ने बताया कि इस वर्ष 9 अप्रैल से जिला चिकित्सालय में नियुक्त डाक्टर मनीष गठोरिया और महीपत यादव द्वारा यात्रियों का मेडिकल चेकअप प्रतिदिन निःशुल्क किया जा रहा है। 15 अप्रैल से पंजाब नेशनल बैंक लालबाग में यात्रियों का पंजीयन कार्य शुरू हो गया है। आज सुबह 6 बजे से बैंक की शाखा में शिवभक्त पंजीयन कराने के लिए डेरा जमाए बैठे दिखाई दिए।
यात्रा पंजीयन के लिए लगने वाले आवश्यक प्रपत्र
पंजाब नेशनल बैंक मैनेजर निरंजन डेहरिया ने बताया कि पंजीयत के लिए श्रद्धालु यात्रा फार्म एवं मेडिकल फिटनेस प्रमाण, 5 पासपोर्ट फोटो, आधार कार्ड, फोटोकॉपी साथ लेकर आएं। बायोमैट्रिक यात्रा पंजीयन होगा इसलिए यात्रियों को स्वयं बैंक आना होगा। जो पंजीयन शुल्क लागू हो उस राशि का भुगतान कर यात्रा तिथि सुनिश्चित करें जिससे यात्रा सुगम हो पंजीयन में यात्रा अवधि के दौरान यात्रियों का बीमा रहेगा। 13 वर्ष से 70 वर्ष के यात्री ही यात्रा कर सकते हैं। सभी यात्रियों से जो श्री अमरनाथ यात्रा करना चाहे जल्द से जल्द यात्रा पंजीयन बनाए। शिव शक्ति सेवा मंडल के द्वारा यह कार्य वर्ष 2000 से किया जा रहा है। अब तक मंडल के माध्यम से 13 हजार 512 यात्रियों का पंजीयन किया जा चुका है।