भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने सफल विद्यार्थियों को दी बधाई
छिंदवाड़ा
15-Apr-26
असफल विद्यार्थियों को हिम्मत न हारने का संदेश
छिंदवाड़ा
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण सभी छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। श्री यादव ने अपने संदेश में कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण तथा उनके माता-पिता और शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में प्राप्त यह उपलब्धि विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करता है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वे इसी लगन, धैर्य और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त करें और समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं, इसलिए शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव भी अपने जीवन में अपनाना आवश्यक है। श्री यादव ने अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन के बिना यह सफलता संभव नहीं होती।
श्री यादव ने उन विद्यार्थियों का भी मनोबल बढ़ाया जो इस बार परीक्षा में सफल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि असफलता किसी भी व्यक्ति की क्षमता का अंतिम मापदंड नहीं होती, बल्कि यह एक नया अवसर प्रदान करती है, जिससे हम अपनी कमजोरियों को पहचानकर उन्हें दूर कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे निराश न हों, हिम्मत बनाए रखें और सकारात्मक सोच के साथ पुनः प्रयास करें, सफलता अवश्य प्राप्त होगी।