Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

द्वितीय अवसर में हाईस्कूल परीक्षा परिणाम 57.6 प्रतिशत

द्वितीय अवसर में हाईस्कूल परीक्षा परिणाम 57.6 प्रतिशत
शिक्षा
16-Jun-26
रुक जाना नहीं योजना से मिलेगा नया अवसर

छिन्दवाडा


माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित द्वितीय अवसर परीक्षा 2026 का परीक्षा परिणाम 12 जून 2026 को घोषित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी छिंदवाड़ा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिले के 11 विकासखंडों से कुल 2045 विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ था, जिनमें से 1820 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। घोषित परिणाम के अनुसार 1048 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि 772 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे। इस प्रकार जिले का कुल परीक्षा परिणाम 57.6 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

       जिला शिक्षा अधिकारी श्री पी.एल.मेश्राम ने सफल विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जो विद्यार्थी मुख्य परीक्षा अथवा द्वितीय अवसर परीक्षा 2026 में सफल नहीं हो सके हैं, वे निराश न हों। ऐसे विद्यार्थियों के लिए मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड, भोपाल द्वारा संचालित "रुक जाना नहीं" परीक्षा योजना के अंतर्गत पुनः परीक्षा का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।

      योजना के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश की वर्ष 2026 की मुख्य परीक्षा अथवा द्वितीय अवसर परीक्षा में अनुत्तीर्ण अथवा अनुपस्थित रहे कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थी पात्र होंगे। पात्र विद्यार्थी 20 जून 2026 तक एम.पी. ऑनलाइन कियोस्क अथवा स्वयं ऑनलाइन माध्यम से निर्धारित शुल्क जमा कर पंजीयन करा सकते हैं।

      जानकारी के अनुसार योजना के तहत परीक्षाएं जून 2026 के अंतिम सप्ताह से आयोजित की जाएंगी। परीक्षार्थियों को केवल उन्हीं विषयों की परीक्षा देनी होगी जिनमें वे अनुत्तीर्ण हुए हैं। परीक्षा का पाठ्यक्रम एवं ब्लूप्रिंट माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश के अनुसार रहेगा। परीक्षा के बाद अंकसूची मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड, भोपाल द्वारा जारी की जाएगी, जिसमें पूर्व में उत्तीर्ण विषयों के प्राप्तांक भी सम्मिलित रहेंगे। यदि कोई परीक्षार्थी जून 2026 की परीक्षा में सफल नहीं हो पाता है तो उसे दिसंबर 2026 में आयोजित होने वाली परीक्षा में शेष विषयों के लिये पुनः अवसर प्रदान किया जाएगा।

      परीक्षार्थी अपने प्रवेश पत्र www.mpsos.mponline.gov.in एवं www.mpsos.nic.in से डाउनलोड कर सकेंगे। प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र, समय-सारणी एवं अन्य आवश्यक निर्देश अंकित रहेंगे। किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा पंजीयन संबंधी समस्या के समाधान के लिये एम.पी. ऑनलाइन हेल्पलाइन नंबर 0755-6720200 पर संपर्क किया जा सकता है।

       जिला शिक्षा अधिकारी श्री मेश्राम ने जिले के समस्त प्राचार्यों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे पात्र विद्यार्थियों को "रुक जाना नहीं" योजना में पंजीयन कराने के लिये प्रेरित करें, ताकि कोई भी विद्यार्थी शिक्षा की मुख्य धारा से वंचित न रहे। "हार मान लेना अंत नहीं होता, एक और कोशिश से ही सफलता की शुरुआत होती है।"
Share News On