रोटरी क्लब ने दी आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की जानकारी
शिक्षा
07-Jul-26
छिंदवाड़ा

रोटरी क्लब ऑफ छिंदवाड़ा द्वारा संचालित नॉलेज इज पावर (ज्ञान ही शक्ति है) श्रृंखला के अंतर्गत मंगलवार को शांतिनाथ विद्या मंदिर में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आईटी एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रति जागरूकता विषय पर एक प्रेरणादायी सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, डिजिटल नवाचार और आईटी क्षेत्र में उपलब्ध करियर संभावनाओं से परिचित कराना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रोटरी क्लब के असिस्टेंट गवर्नर रोटे विनोद तिवारी, क्लब अध्यक्ष रोटे विनीत पाटोदी, विषय विशेषज्ञ रोहित डेहरिया, सचिव रोटे जयेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष रोटे अमित मक्कड़, सह सचिव रोटे अरविंद अग्रवाल तथा समाजसेवी आशीष पाटोदी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में क्लब अध्यक्ष विनीत पाटोदी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ज्ञान ही शक्ति है श्रृंखला के माध्यम से विद्यार्थियों को समय की मांग के अनुरूप विषयों पर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन दिलाया जा रहा है, जिससे वे अपने भविष्य और करियर के प्रति बेहतर निर्णय ले सकें।
मुख्य वक्ता एवं आईटी विशेषज्ञ रोहित डेहरिया ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सूचना प्रौद्योगिकी के बढ़ते महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चैटजीपीटी, ग्रोक, जेमिनी और पर्प्लेक्सिटी जैसे एआई टूल्स का उपयोग अध्ययन, प्रोजेक्ट तैयार करने और नई चीजें सीखने में किस प्रकार प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। साथ ही आईटी क्षेत्र में करियर बनाने के लिए आवश्यक पाठ्यक्रमों, रोजगार के अवसरों और प्रमुख शिक्षण संस्थानों की भी विस्तार से जानकारी दी।
मुख्य अतिथि रोटे विनोद तिवारी ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण, जल संरक्षण तथा सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सेमिनार को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताया। संस्था के प्राचार्य राजेश दौड़के ने सभी अतिथियों एवं रोटरी क्लब का आभार व्यक्त किया।