मरीजों को राहत, जिला अस्पताल फिर से शुरू हुई सोनाग्राफी
छिंदवाड़ा
10-Sep-25
सांसद बंटी विवेक साहू की पहल, डॉ. सुराना की हुई नियुक्ति
छिंदवाड़ा।
जिला अस्पताल में लम्बे समय से मरीजों की सोनोग्रॉफी करने के लिए रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जिसे संज्ञान में लेते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने अधिकारियों को जिला अस्पताल में मरीजों की सोनोग्रॉफी करने के लिए जल्द से जल्द रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। सांसद की पहल पर जिला अस्पताल को रेडियोलॉजिस्ट मिल गया है। शासन ने सेवानिवृत्त डॉक्टर शिखर सुराना को जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट नियुक्त कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों सांसद श्री साहू ने सांसद कार्यालय और जिला विकास और समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिला अस्पताल में सोनोग्रॉफी नहीं होने से मरीजों को होने वाली परेशानी को लेकर जल्द से जल्द रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के निर्देश अधिकारियों को दिए थे। साथ ही भोपाल में उच्च अधिकारियों से टेलीफोन के माध्यम से इस संबंध में चर्चा भी की थी। जिसके परिणाम स्वरूप शासन ने संविदा आधार पर रेडियोलॉजिस्ट नियुक्त करने के आदेश दिए थे।
आदेश प्राप्त होते ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.नरेश गोन्नाडे ने जिला अस्पताल में डॉ.शिखर सुराना को संविदा आधार पर नियुक्त करने के आदेश जारी कर दिए है। जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति हो जाने पर अब मरीजों को खासकर गर्भवती महिलाओं को सोनोग्रॉफी कराने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट नियुक्त किए जाने पर समस्त चिकित्सा प्रकोश्ठों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, भाजपा के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों एवं आमजनों ने सांसद बंटी विवेक साहू का आभार व्यक्त किया है।