गर्ल्स कॉलेज में 200 से अधिक छात्राओं का नाड़ी परीक्षण
स्वास्थ्य
23-Sep-26
महिला स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित
दिया स्वास्थ्य एवं आयुर्वेदिक परामर्श

छिन्दवाडा
11वें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयुष विंग, जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा द्वारा राजमाता सिंधिया शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय छिंदवाड़ा में आज महिला स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर आयुष विंग द्वारा ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से आयुर्वेद विषयक प्रश्नोत्तरी का आयोजन भी किया गया, जिसमें सहभागिता करने वाली छात्राओं को ई-मेल के माध्यम से प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ.अस्मिता मुंजे के मार्गदर्शन एवं सेवा संकल्प अभियान की नोडल अधिकारी डॉ.वैशाली गुप्ता के समन्वय में आयोजित हुआ। शिविर में आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर डॉ. नितिन टेकरे ने छात्राओं को आयुर्वेद आधारित स्वस्थ जीवनशैली, वात-पित्त-कफ संतुलन, दिनचर्या, ऋतुचर्या एवं ऋतु-संधि के महत्व की जानकारी दी।
उन्होंने संतुलित आहार, हरी सब्जियों, मौसमी फलों, आयरन युक्त खाद्य पदार्थों एवं स्वच्छ जल के सेवन पर बल देते हुए शतावरी, अश्वगंधा, तुलसी एवं वज्रदंती जैसी औषधीय वनस्पतियों के स्वास्थ्य लाभों से भी अवगत कराया। शिविर के दौरान 200 से अधिक छात्राओं का नाड़ी परीक्षण कर उन्हें स्वास्थ्य, आहार-विहार एवं आयुर्वेदिक उपचार संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर छात्राओं को आयुर्वेद के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाकर स्वस्थ, संतुलित एवं निरोग जीवनशैली विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।