आयुर्वेद दिवस पर जिला चिकित्सालय में लगा आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर
स्वास्थ्य
23-Sep-26
आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर में हुआ 397 रोगियों का स्वास्थ्य प्रशिक्षण
सांसद ने प्रदेश में सबसे अधिक 76 आयुष केन्द्र संचालित किए जाने पर मुख्यमंत्री का माना आभार

छिंदवाड़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में भाजपा सरकार राष्ट्रीय आयुष मिशन के माध्यम से पारंपरिक चिकित्सा को मुख्यधारा की स्वास्थ्य सेवाओं में एकीकृत और आधुनिक बना रही है। आयुर्वेद के 5,000 साल पुराने ज्ञान को आधुनिक विज्ञान और साक्ष्य-आधारित शोध के साथ जोड़कर जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है साथ ही वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य एवं प्राकृतिक संतुलन को बढ़ावा दिया जा रहा है। आयुष्मान भारत और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के जरिए हर साल करोड़ों लोगों तक निवारक और पारंपरिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। यह बात सांसद बंटी विवेक साहू ने जिला चिकित्सालय छिन्दवाड़ा के गेट नंबर 04 के पास आयुर्वेद दिवस पर आयोजित आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर के दौरान 397 रोगियों का स्वास्थ्य प्रशिक्षण करते हुए निःशुल्क दवाओं को वितरण किया गया। इस दौरान सांसद श्री साहू ने आयुष डॉक्टरों से मरीजों को मिलने वाले उपचार की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि प्रदेश में सबसे अधिक छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले में 76 आयुष केन्द्र संचालित है, जहा पर 57 आयुष चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे है। प्रदेश में सबसे अधिक 76 आयुष केन्द्र संचालित किए जाने पर सांसद श्री साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार भी व्यक्त किया है। 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करने हुए सांसद श्री साहू ने आयुर्वेद के क्षेत्र से जुड़े आचार्यों, चिकित्सकों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों सहित सभी जिलेवासियों को 11वें आयुर्वेद दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस वर्ष की श्रीम स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद है जो कि हमारे प्राचीन ज्ञान और आधुनिक स्वास्थ्य आवश्यकताओं के बीच एक सार्थक संबंध स्थापित करने का संदेश देती है।
सांसद ने कहा आयुर्वेद संतुलित जीवनशैली का एक सशक्त माध्यम
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में पिछले लगभग 12 वर्षों में आयुर्वेद की परंपरागत ज्ञान-संपदा को आधुनिक अनुसंधान, नवाचार और प्रमाण-आधारित दृष्टिकोण से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाये गये हैं। आयुर्वेद केवल उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने लोगों से अपनी इस समृद्ध विरासत को अपनाने और इसे जीवनशैली में शामिल करने के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज जिले सहित देश भर में आयुष अस्पतालों, क्लीनिकों और विशेष विभागों का विस्तार किया जा रहा है और आयुर्वेद शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए नए कॉलेज स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा का अभिन्न अंग है।
सांसद ने लोकसभा में उठाया था आयुर्वेद महाविद्यालय का मुद्दा
उल्लेखनीय है कि सांसद बंटी विवेक साहू ने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान नवेगांव में हौम्योपैथिक महाविद्यालय एवं तामिया में आयुर्वेद महाविद्यालय खोले जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने लोकसभा में केन्द्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव को अवगत कराया था कि जिले के तामिया और पातालकोट विष्व प्रसिद्ध आदिवासी क्षेत्र है इन क्षेत्रों में जड़ी बूटियों का भंडार है जिसका ज्ञान यहां के जनजातीय लोगों को भी है। हौम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति भी सरल सुलभ सस्ती इलाज की पद्धति हैं। ऐसी स्थिति में आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय कम लागत में प्रारंभ कर चिकित्सा की सुविधा बढ़ाई जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान यह रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
जिला चिकित्सालय छिन्दवाड़ा में आयुर्वेद दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज के डीन अभय सिन्हा, आरएमओ डॉ. हर्षवर्धन कुडापे, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ कृष्णा हरजानी, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलााध्यक्ष रिजवान कुरैषी, सांसद प्रतिनिधि रोहित पोफली, जिला मंत्री गरीमा दामोदर, पार्षद श्रीमती शिवानी बंटी सक्सेना, मनोनित पार्षद माया बंदेवार, वरिष्ठ भाजपा नेता विश्वेन्द्र बैस, रवि मालवी, शंशाक चंदेल, नरेन्द्र माहोरे व अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पूर्व जिला आयुष अधिकारी डॉ.दिलीप खरे, डॉ.आर के जैन, डॉ.आर के सोनी, जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला यावतकर, डॉ. यशवंत माथुर, डॉ. विपिन जैन, डॉ. अशोक नागदेव, डॉ. प्रवीण रघवुंशी, डॉ. नितिन टेखरे, डॉ. हरीश सतनामी, डॉ. धर्मराज देशमुख, डॉ. रश्मि नेमा, डॉ. विद्या कटरे, डॉ. निधि जैन, डॉ. विवेक रघुवंशी, डॉ. नरेन्द्र सूर्यवंशी, डॉ.नीतू चौधरी, डॉ. शुभम बोरकर, डॉ.भानू अहिरवार, डॉ. पवन नेमा, डॉ. अयूर जैन, डॉ. अभय वापट, डॉ.आयुष साहू सहित आयुष विभाग का पैरामेडिकल स्टॉफ एवं बड़ी संख्या में मरीज उपस्थित थे।