प्रधानमंत्री विकसित नहीं बेरेाजगार भारत बना रहे: यश घनघोरिया
छिंदवाड़ा
08-Apr-26
युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का युकां ने किया स्वागत
छिंदवाड़ा
जिले में पहली बार आए प्रदेश युकां अध्यक्ष यश घनघोरिया का जिला युवक कांग्रेस ने जोरदार स्वागत किया। ढोल, गाजे बाजे व आतिशबाजी के साथ कांग्रेस भवन में स्वागत के उपरांत युकां की बैठक आयोजित हुई जिसमें कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों ने सरकार की नाकामियां गिनाते हुए सड़क से सदन तक संघर्ष का संकल्प लिया। बैठक के पश्चात युवक कांग्रेस ने ईएलसी चौक पर असम के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका।
प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया का चौरई बायपास, इसरा उमरिया, कुण्डीपुरा, यातायात थाना व महात्मा गांधी चौक पर गर्मजोशी से पुष्प गुच्छ व पुष्पहार भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचने पर युवक कांग्रेस की टीम ने उनका भव्य व आत्मिक स्वागत किया। तत्पश्चात आयोजित बैठक को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने सम्बोधित करते हुए कहा कि युवाओं का यह जोश और जज्बा ऐसा ही बना रहना चाहिए, क्योंकि देश का भविष्य युवा है। युवा जाग रहा है तो समझ जाए कि किसी भी चौकीदार की आवश्यकता नहीं है, युवा देश की रक्षा के लिए तत्पर है। उन्होंने युकां के प्रदेश अध्यक्ष को उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया ने बड़ी संख्या में उपस्थित युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवा है, युवा का भविष्य खतरे में है। यानि देश के प्रधानमंत्री युवाओं को बेरोजगार बनाकर विकसित नहीं बेरोजगार भारत का निर्माण कर रहे हैं। एपस्टीन फाइल्स में नाम आते ही वे अमेरिका के सामने सरेंडर हो गए। आज भाजपा के लोग देश को विभिन्न माध्यमों से खोखला कर रहे हैं। किसान, युवा, महिला और मजदूर सभी त्रस्त व परेशान है। हमें इन सभी की आवाज को उठाना है।
जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष गोलू पटेल ने कहा कि भाजपा की घोषणाएं और वादे खोखले हैं। देश के प्रधानमंत्री ने हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था आज तक वह वादा पूरा नहीं हुआ। प्रदेश के मुख्यमंत्री घोषणा मंत्री बनकर रह गए हैं। युवाओं को रोजगार नहीं जुमले दिए जा रहे। बहनों को धमकी दी जा रही कि कार्यक्रम में नहीं आए तो नाम काट दिए जाएंगे। यह जनता से चुनी हुई सरकार तो है, लेकिन अब तानाशाही पर उतर आई है, इसीलिये इस सरकार को कुर्सी से उतारना भी नितांत आवश्यक हो चुका है। उन्होंने उपस्थित समस्त कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की।