Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

प्रीति इंटरप्राइजेस की गैस सिलेंडर घर पहुंच सेवा हुई बंद

प्रीति इंटरप्राइजेस की गैस सिलेंडर घर पहुंच सेवा हुई बंद
छिंदवाड़ा
17-May-26
महीनों से भटक रहे उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहा गैस सिलेंडर

छिंदवाड़ा

यदि आप भारत गैस एजेंसी प्रीति इंटरप्राइजेस के उपभोक्ता है तो यह खबर आपके लिए है। प्रीति इंटरप्राइजेस द्वारा गैस सिलेंडर की घर पहुंच सेवा बंद कर दी गई है यदि आपको गैस सिलेंडर चाहिए तो कम से कम डेढ़ से दो माह का इंतजार करना पड़ेगा तब आपको गैस सिलेंडर उपलब्ध हो पाएगा वो भी आपको गैस गोदाम आना पड़ेगा। कुछ इस तरह का आलम है शहर की भारत गैस एजेंसी प्रीति इंटरप्राइजेस के।

महीनों से भटक रहे उपभोक्ता

सरकार और प्रशासन द्वारा 21 दिनों के बाद गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के आदेश दे दिए गए हैं लेकिन भारत गैस की अधिकृत एजेंसी प्रीति इंटरप्राइजेस इस आदेश का सरासर उल्लंघन कर रही है। इस एजेंसी के उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद कम से कम एक से डेढ़ माह तक इंतजार करना पड़ रहा है तब कहीं गैस सिलेंडर उपलब्ध हो रहा है।

सिलेंडर की घर पहुंच सेवा हुई बंद

उपभोक्ताओं के लिए एजेंसी द्वारा घर पहुंचे सेवा बंद कर दी गई है जिन उपभोक्ताओं को सिलेंडर चाहिए वे सीधे सिवनी रोड स्थित गैस गोदाम से सिलेंडर ले रहे हैं या फिर एजेंसी के डिलेवरी कर्मचारी उन्हें शहर में कहीं भी बुला सिलेंडर दे रहे हैं।

ओटीपी में भी गड़बड़ घोटाला

प्रशासन और सरकार द्वारा गैस सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए ओटीपी की व्यवस्था बनाई गई है लेकिन प्रीति इंटरप्राइजेस एजेंसी द्वारा मनमाने तरीके से सिलेंडरों की डिलेवरी की जा रही है। उपभोक्ताओं के मोबाइल पर गैस सिलेंडर डिलेवरी का मैसेज आता है लेकिन 25-30 दिनों बाद डिलेवरी दी जा रही है। ऑफिस का फोन नंबर भी होल्ड पर चल रहा है। उपभोक्ता शिकायत करें तो कहां करें। जिला प्रशासन द्वारा जारी किया गया नंबर भी ठीक ढंग से काम नहीं कर रहा है। यहां भी शिकायतों का सही ढंग से निपटारा नहीं हो पा रहा है।

शादी का सीजन, कालाबाजारी की आशंका

शादी का सीजन है तो स्वभाविक है गैस सिलेंडरों की खपत भी ज्यादा हो रही है। आम उपभोक्ताओं के सिलेंडरों की एजेंसी द्वारा कालाबाजारी की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता है तभी तो आम उपभोक्ताओं को सिलेंडर की डिलेवरी नहीं हो रही है। सूत्रों के अनुसार जो सिलेंडर आम उपभोक्ताओं को 937 रूपए में मिल रहा है उसकी कालाबाजार में कीमत 2000 रूपए प्रति सिलेंडर तक बताई जा रही है।

आम उपभोक्ताओं में पनप रहा आक्रोश

गैस सिलेंडर की देरी से डिलेवरी से परेशान उपभोक्ताओं का आक्रोश कभी भी गैस एजेंसी के ऑफिस पर फूट सकता है। जल्द ही गैस एजेंसी संचालकों ने सुधार नहीं किया तो एजेंसी ऑफिस के सामने धरना प्रदर्शन दिखाई दे सकता है। कई उपभोक्ता अब जिला कलेक्टर के सामने शिकायत का मन बना चुके हैं। शीघ्र ही एजेंसी के काले कारनामों पर प्रशासन एक्शन ले सकता है।

Share News On